छत्तीसगढ़

बिलासपुर पोस्ट ऑफिस परिसर में गिरा पेड़

Nilmani Pal
12 May 2026 10:42 AM IST
बिलासपुर पोस्ट ऑफिस परिसर में गिरा पेड़
x

बिलासपुर। मुख्य डाकघर परिसर में सोमवार शाम एक पुराना नीम का पेड़ अचानक गिर गया। इस हादसे में डाकघर की बाउंड्री के बाहर खड़ी एक नई कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई है। यह हादसा शाम करीब 6 बजे हुआ।

आमतौर पर भीड़भाड़ रहने वाले डाकघर के गेट नंबर दो के पास कोई मौजूद नहीं था। कार मालिक रोहन तावड़कर ने बताया कि उन्होंने अपनी कार (क्रमांक सीजी 10 बीजे 0890) हमेशा की तरह सड़क किनारे खड़ी की थी। पेड़ गिरने से कार का पिछला शीशा टूट गया और छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पेड़ गिरने के कारण पोस्ट ऑफिस के बगल से बृहस्पति बाजार की ओर जाने वाली सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। नीम के पेड़ के मोटे तने और डालियां सड़क पर फैल जाने से रास्ता अवरुद्ध हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा। निगमकर्मी पेड़ को हटाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि सड़क को फिर से खोला जा सके। इस दौरान कुछ दोपहिया वाहन चालक टूटे हुए केबलों के बीच से किनारे से निकलने की कोशिश करते देखे गए।

Next Story