
x
कार्रवाई शुरू
Korba कोरबा। जिले के राताखार मुख्य मार्ग स्थित साईं गोविंद ट्रांसपोर्ट कंपनी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कंपनी में काम करने वाले 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुदर्शन सिंह निवासी शारदा विहार अमरियापारा (मानिकपुर चौकी क्षेत्र) के रूप में की गई है। हादसे के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, सुदर्शन सिंह रोज की तरह सुबह 9 बजे काम पर पहुंचा था।
कुछ घंटों बाद अचानक उसे करंट लग गया, जिसके बाद साथी कर्मचारियों ने तत्काल उसे बालको अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद सुदर्शन को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना बालको थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मृतक के बड़े भाई तलविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सुदर्शन की पत्नी ने फोन पर बताया था कि उसकी तबीयत खराब है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेकिन जब वे अस्पताल पहुंचे, तब तक सुदर्शन की मौत हो चुकी थी। इस घटना को लेकर कंपनी के भीतर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं।
कुछ कर्मचारी बता रहे हैं कि हादसा कंपनी परिसर में काम के दौरान हुआ, जबकि अन्य का कहना है कि सुदर्शन किसी काम से किसी के घर गया था, जहां उसे करंट लगा। पुलिस अब इन सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे कंपनी प्रबंधन से पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं।
Next Story





