छत्तीसगढ़

रायपुर में 53 गंदगी वाले स्थानों का कायाकल्प, महापौर और आयुक्त की सख्ती; निगम ने चलाया विशेष अभियान

Shubhra Nandy
11 Nov 2026 9:13 AM IST
रायपुर में 53 गंदगी वाले स्थानों का कायाकल्प, महापौर और आयुक्त की सख्ती; निगम ने चलाया विशेष अभियान
x
सौंदर्यीकरण

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। शहर के जिन सार्वजनिक स्थानों पर पहले कचरे के ढेर, गंदगी और अव्यवस्था जैसी समस्याएं थीं, वहां विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का काम किया गया। भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के अंतर्गत रायपुर नगर पालिक निगम ने एक महीने में लगभग 53 सीटीयू (स्वच्छता लक्षित इकाई) स्थलों का कायाकल्प किया है। इस अभियान की खास बात यह रही कि नगर निगम के साथ सामाजिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं और आम नागरिकों ने भी स्वच्छता के कार्यों में भागीदारी निभाई।

राजधानी में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित विशेष अभियान के तहत नगर निगम के सभी 10 जोनों में चिन्हित सार्वजनिक स्थलों की सफाई और सुधार कार्य कराए गए। अभियान का उद्देश्य केवल गंदगी हटाना नहीं, बल्कि ऐसे स्थानों को स्वच्छ, आकर्षक और उपयोगी स्वरूप देना भी रहा।
जहां गंदगी और कचरे का जमाव था, वहां हुआ सौंदर्यीकरण
रायपुर नगर निगम ने अभियान के तहत शहर के उन स्थानों को प्राथमिकता दी, जहां लंबे समय से गंदगी, कचरे का जमाव और अव्यवस्था जैसी समस्याएं बनी हुई थीं। ऐसे स्थलों की पहचान करने के बाद विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इन स्थानों पर जमा कचरे का निष्पादन करने के साथ साफ-सफाई, रंग-रोगन, सौंदर्यीकरण और आवश्यक सुधार कार्य कराए गए। निगम के प्रयासों से कई सार्वजनिक स्थलों को नया और व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया गया।
महापौर मीनल चौबे और आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर अभियान
नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री चंद्राकर और आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर इस अभियान का संचालन किया गया। निगम के सभी 10 जोनों की स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने वार्ड पार्षदों की अगुवाई में कार्य किया। जोन कमिश्नरों और जोन स्वास्थ्य अधिकारियों के मार्गदर्शन में विभिन्न सार्वजनिक स्थानों की पहचान कर सफाई एवं सौंदर्यीकरण की गतिविधियां संचालित की गईं। अभियान में नगर निगम के कर्मचारियों के साथ नागरिकों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण रही।
भाठागांव से जगन्नाथ मंदिर क्षेत्र तक बदली तस्वीर
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत रायपुर के कई प्रमुख स्थानों पर कार्य कराए गए। इनमें वार्ड क्रमांक 61 स्थित जल विभाग, भाठागांव और साबुन डबरी तालाब क्षेत्र शामिल हैं। इसी तरह वार्ड क्रमांक 44 स्थित पुराने नगर निगम भवन, वार्ड क्रमांक 38 के स्वामी आत्मानंद वार्ड स्थित दशहरा मैदान और वार्ड क्रमांक 59 में गौसिया मैदान के पास के क्षेत्र में भी स्वच्छता एवं सुधार कार्य किए गए। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 46 स्थित गुरु तेग बहादुर उद्यान और वार्ड क्रमांक 42 स्थित जगन्नाथ मंदिर क्षेत्र सहित अन्य चिन्हित स्थानों को भी अभियान में शामिल किया गया।
जनभागीदारी बनी अभियान की बड़ी उपलब्धि
एक माह तक चले इस अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। नगर निगम ने अपने संसाधनों के साथ विभिन्न संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों के सहयोग से लगभग 53 स्थानों का परिवर्तन सुनिश्चित किया। जनसहयोग से संचालित सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों की स्थिति में सुधार लाने के साथ स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया। निगम का उद्देश्य स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान तक सीमित न रखकर नागरिकों की नियमित आदत और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना है।
नगर निगम ने नागरिकों से की खास अपील
रायपुर नगर पालिक निगम ने अभियान के अंतर्गत संवारे गए सार्वजनिक स्थानों की नियमित स्वच्छता और रखरखाव के लिए नागरिकों से सहयोग मांगा है। निगम ने लोगों से अपील की है कि वे कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और सार्वजनिक संपत्तियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। नगर निगम का कहना है कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत किए गए कार्य राजधानी में स्थायी स्वच्छ वातावरण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इन स्थानों को साफ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नागरिकों की निरंतर भागीदारी आवश्यक है।
Next Story