छत्तीसगढ़
नाबालिग की खरीद-फरोख्त का खुलासा, दो महिलाओं समेत चार आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
30 Nov 2026 12:00 AM IST

x
छग
Surajpur. सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसकी कथित खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूरजपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के सागर जिले से बालिका को सकुशल बरामद करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में बालिका की अलग-अलग रकम में खरीद-फरोख्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और छह हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सूरजपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 नवंबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे उनकी बेटी एक परिचित महिला के साथ अंबिकापुर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। शाम तक बालिका के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन करने के बावजूद बालिका का कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने किसी व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर सूरजपुर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 143(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने विशेष टीम गठित कर बालिका की तलाश करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और विवेचना के दौरान प्राप्त जानकारियों के आधार पर मध्यप्रदेश के सागर जिले में बालिका की मौजूदगी का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश पहुंचकर जैसीनगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई की और आरोपी शैतान सिंह के घर से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया। बालिका से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान बालिका की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़े कई तथ्य सामने आए हैं। आरोप है कि सीमा सिंह ने बालिका को 60 हजार रुपये में शैतान सिंह को बेच दिया था। इसके बाद शैतान सिंह द्वारा कैलाश सिंह और एक अन्य व्यक्ति को बालिका बेचे जाने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस जांच में इससे पहले भी बालिका की कथित खरीद-फरोख्त का प्रयास किए जाने की जानकारी मिली है। आरोप है कि शारदा ने पूर्व में बालिका का 80 हजार रुपये में सौदा किया था। हालांकि, उस दौरान बालिका आरोपियों से बच निकलने में सफल रही थी। पुलिस इन सभी घटनाक्रमों और संभावित रूप से संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।
मामले में पुलिस ने शैतान सिंह (30 वर्ष), कैलाश सिंह डांगी (65 वर्ष), सीमा सिंह उर्फ श्यामवती सिंह (27 वर्ष) और शारदा मलिक (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक सीजी 29 एएच 8430 और कथित बिक्री की रकम में से बचे छह हजार रुपये जब्त किए गए हैं। चारों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रहलाद यादव के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में एएसआई देवनाथ चौधरी, कुसुमकांता लड़का, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पा पैंकरा, आरक्षक जितेंद्र पटेल, रामनारायण सोनवानी, रविराज पांडेय, बृजलाल, महिला आरक्षक रौशनी सिंह और पदमावती शामिल रहे। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।
Next Story





