छत्तीसगढ़
दुर्ग में यातायात पुलिस की पहल, 216 ब्रेकडाउन वाहनों को मिली सहायता
Shantanu Roy
19 Aug 2026 6:32 PM IST

x
छग
Durg. दुर्ग। जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस लगातार अभियान चला रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग, सर्विस रोड और शहर की सड़कों पर ब्रेकडाउन वाहनों की वजह से होने वाली परेशानी को देखते हुए पुलिस ने सहायता और कार्रवाई दोनों पर जोर दिया है। पिछले 15 दिनों में यातायात पुलिस ने 216 खराब वाहनों को सड़क से सुरक्षित हटाकर वाहन चालकों को सहायता पहुंचाई, वहीं बिना कारण सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले 1960 वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा ब्रेकडाउन वाहनों के लिए विशेष निगरानी और सहायता व्यवस्था शुरू की गई है। इसका उद्देश्य वास्तविक तकनीकी खराबी के कारण परेशान वाहन चालकों को तत्काल मदद उपलब्ध कराना और जानबूझकर यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर सख्ती करना है।
यातायात पुलिस के अनुसार, ब्रेकडाउन वाहन की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचती है। टीम द्वारा वाहन चालक से समस्या की जानकारी ली जाती है और वाहन की स्थिति का निरीक्षण किया जाता है। यदि वाहन में वास्तव में तकनीकी खराबी या कोई आकस्मिक समस्या होती है तो पुलिस वाहन को सुरक्षित तरीके से सड़क से हटाने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराती है। पुलिस द्वारा खराब वाहनों को हटाने के दौरान यह भी जांच की जाती है कि वाहन किन परिस्थितियों में सड़क पर खड़ा है। कई मामलों में सामने आया कि कुछ वाहन चालक डीजल खत्म होने, चालक की अनुपलब्धता या बिल्टी और दस्तावेजों की प्रतीक्षा जैसी वजहों को ब्रेकडाउन बताकर सड़क पर वाहन खड़ा कर देते हैं। ऐसे मामलों में यातायात बाधित होने के कारण संबंधित वाहन चालक या मालिक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाती है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक परेशानी में फंसे वाहन चालकों को हर संभव सहायता दी जाएगी, लेकिन जानबूझकर सड़क पर वाहन खड़ा कर आम लोगों के आवागमन में बाधा डालने वालों को किसी भी स्थिति में छूट नहीं दी जाएगी। पिछले 15 दिनों में यातायात पुलिस की कार्रवाई के आंकड़ों के अनुसार, कुल 216 ब्रेकडाउन वाहनों को सड़क से सुरक्षित हटाया गया। इसके अलावा यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाले 1960 वाहनों और चालकों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहन दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं और इससे जाम की स्थिति भी निर्मित होती है। खासकर राष्ट्रीय राजमार्ग और व्यस्त मार्गों पर ऐसे वाहनों की वजह से अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। दुर्ग यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यदि वाहन में वास्तविक खराबी आती है तो तत्काल यातायात पुलिस को सूचना दें। वाहन को संभव हो तो सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और सहायता मिलने तक सावधानी बरतें। वहीं बिना उचित कारण सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें। पुलिस का कहना है कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सहायता और सख्ती दोनों जरूरी हैं। आम नागरिकों के सहयोग से ही सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सकता है।
Next Story





