किराना दुकान को दारू भट्ठी बना रखा था व्यापारी, पुलिस की रेड से बेटे सहित गिरफ्तार

बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवासंद्र में किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब बेचने वाले पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ग्रामीणों और सरपंच की लगातार शिकायत के बाद पलारी पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए दुकान से करीब 19 हजार रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब, देसी मसाला शराब और बीयर जब्त की।
मिली जानकारी के अनुसार, पलारी पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम देवासंद्र निवासी सुरेश वर्मा एवं उसका पुत्र वेद वर्मा अपनी किराना दुकान में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक राजेश सेन एवं पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान दुकान के भीतर प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर रखी गई 98 पाव अंग्रेजी शराब, 42 पाव देसी मसाला शराब तथा सिंबा ब्रांड की 5 बीयर बरामद की गई। जब्त शराब की कुल अनुमानित कीमत करीब 19 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।





