छत्तीसगढ़
रायपुर में ट्रेडमार्क उल्लंघन का मामला: पैकेट और डिजाइन कॉपी कर बेच रहे थे बेसन, FIR दर्ज
jantaserishta.com
11 Oct 2026 9:21 AM IST

x
छत्तीसगढ़.
रायपुर: राजधानी रायपुर के बाजार में मिलते-जुलते ब्रांड नाम से बेसन बेचने का मामला सामने आया है। ‘सूर्यवंश’ ब्रांड की नकल कर ‘सूर्यवंशी’ नाम से उत्पाद बेचने के आरोप में माना कैंप पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
शिकायतकर्ता मनीष शादीजा ने आरोप लगाया है कि उत्पाद के नाम से लेकर पैकेट की डिजाइन, सूर्य के चिह्न और टैगलाइन तक की नकल की गई है। पुलिस ने 10 अक्टूबर को ट्रेडमार्क अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
शिकायत के मुताबिक, मनीष शादीजा रामसागरपारा स्थित मनीष आटा चक्की के जरिए आटा, बेसन और फरसान से जुड़े उत्पादों का कारोबार करते हैं। उनका दावा है कि ‘सूर्यवंश’ ट्रेडमार्क वर्ष 2004 से पंजीकृत है और इसकी वैधता 21 जुलाई 2034 तक है। दो दशक से अधिक समय में इस ब्रांड ने बाजार में अपनी पहचान बनाई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मेसर्स एमएस सिंध बेसन के संचालक धीरज सचदेव और उनके परिजनों ने ‘सूर्यवंशी’ नाम से बेसन बेचना शुरू किया। आरोप है कि पैकेट का रंग, सूर्य का चिह्न, उत्पाद की तस्वीर और ‘शहर गृहणियों की पहली पसंद’ जैसी टैगलाइन भी मिलती-जुलती रखी गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इससे ग्राहक दोनों उत्पादों के बीच अंतर पहचानने में भ्रमित हो सकते हैं। उन्होंने इससे अपने कारोबार और ब्रांड की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई है।
शिकायत में उत्पाद के उत्पादन और भंडारण का संबंध माना कैंप स्थित डी-62, जय सदाराम मार्केट और तेलीबांधा क्षेत्र के रविग्राम से बताया गया है। पुलिस ने ट्रेडमार्क उल्लंघन के आरोपों के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर में आरोपियों के नाम को लेकर भी अंतर है। प्राथमिकी में धीरज सचदेव और श्रीचंद सचदेव के नाम दर्ज हैं, जबकि शिकायत के विस्तृत विवरण में निर्मल सचदेव का उल्लेख किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





