छत्तीसगढ़

लाइवलीहुड कॉलेज के माध्यम से आत्मसमर्पित हितग्राहियों को ट्रैक्टर प्रशिक्षण

Shantanu Roy
30 April 2026 11:45 PM IST
लाइवलीहुड कॉलेज के माध्यम से आत्मसमर्पित हितग्राहियों को ट्रैक्टर प्रशिक्षण
x
छग
Dantewada. दंतेवाड़ा। जिले में पुनर्वास की मुख्यधारा से जुड़ रहे आत्मसमर्पित हितग्राहियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से लाइवलीहुड कॉलेज दंतेवाड़ा द्वारा एक सराहनीय पहल की जा रही है। इस पहल के तहत आत्मसमर्पित हितग्राहियों को आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने के लिए ट्रैक्टर संचालन का व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य केवल कौशल विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि हितग्राहियों के आत्मविश्वास को पुनर्जीवित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में सशक्त रूप से स्थापित करना भी है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ट्रैक्टर के सुरक्षित संचालन, रखरखाव, कृषि कार्यों में इसके उपयोग तथा व्यावसायिक संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।


लाइवलीहुड कॉलेज के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा व्यावहारिक एवं तकनीकी दोनों प्रकार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिससे हितग्राही न केवल कुशल चालक बन सकें, बल्कि स्वरोजगार के अवसर भी तलाश सकें। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात इन हितग्राहियों को रोजगार से जोड़ने के लिए भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना सकें। इस पहल से जुड़े हितग्राहियों ने बताया कि यह प्रशिक्षण उनके जीवन में एक नई दिशा लेकर आया है। उन्होंने कहा कि पहले जहां वे सीमित अवसरों में बंधे हुए थे, वहीं अब उन्हें अपने भविष्य के प्रति एक नई आशा और आत्मविश्वास महसूस हो रहा है। जिला प्रशासन की यह पहल न केवल पुनर्वास की प्रक्रिया को सुदृढ़ बना रही है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की एक नई मिसाल भी प्रस्तुत कर रही है। यह प्रयास यह दर्शाता है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर कोई भी व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकता है।
Next Story