
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है और दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। मौसम में नमी की कमी और साफ आसमान के कारण दिन में हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है, जबकि रातें भी अपेक्षाकृत कम ठंडी हो गई हैं।
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तापमान में हल्का अंतर देखने को मिला। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया, जिससे वहां सुबह और रात के समय ठंड का असर बना हुआ है। दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस, माना एयरपोर्ट पर 29.6 डिग्री और जगदलपुर में 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर और पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि सुबह के समय वातावरण में आर्द्रता अपेक्षाकृत अधिक रही, जिससे हल्की ठंडक महसूस हुई, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, नमी में गिरावट आई और मौसम शुष्क होता चला गया। शाम के समय हवा में नमी कम होने से तापमान सामान्य से अधिक महसूस किया गया।
आगे के मौसम को लेकर विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव के संकेत नहीं हैं। न तो बारिश की संभावना है और न ही किसी शीतलहर के आसार फिलहाल नजर आ रहे हैं।





