दुधिया रोशनी से चमकेगा तिरंगा चौक, वाटर फाउंटेन से बढ़ेगी यादव पारा की सुंदरता

गरियाबंद। शनिवार शाम नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मेमन ने नगर के पहले हाई मास्क लाइट (तिरंगा चौक) और वाटर फाउन्टेन का उद्घाटन किया जिसमें हाई मास्क लाइट तिरंगा चौक तथा वाटर फाउन्टेन वार्ड क्रमांक 12 में लगाया गया है। दोनो नए विकास कार्य के उद्घाटन के बाद नगर की सुंदरता बढ़ गई। इस अवसर नगर पालिका अध्यक्ष गफ्फू मेमन ने कहा कि नगर का विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। नगर में हाई मास्क लाइट लगने और वाटर फाउंटेन लगने से नगर की सुंदरता बढ़ बढ़ जाएगी।
इसके साथ ही नगर अपनी अलग पहचान स्थापित भी करेगा। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के साथ ही नगर सुंदर नजर आए इसके लिए वे ओर पूरी नपा की टीम प्रयासरत है। आप लोगो ने जो विश्वास जताया है उसे में शत प्रतिशत पूरा करूँगा। इस अवसर उन्होंने वार्ड 12 में विभिन्न विकास कार्य के लिए 5 लाख रुपए की घोषणा की। इसके अलावा आंगनबाड़ी, साऊंड सिस्टम सहित अन्य मांगों को भी जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके पहले वार्ड 12 पहुँचने पर वार्डवासियों ने बाजे गाजे ओर आतिशबाजी के साथ नपा अध्यक्ष मेमन ओर सभी जनप्रतिनिधियों का जोशीला स्वागत किया।
