
बिलासपुर। बिलासपुर में बाघ के शहर के करीब पहुंचने की खबर से लोग दहशत में आ गए। बताया गया कि बाघ ने एक गाय पर हमला कर दिया है। जानकारी मिलते ही वन अमला भी सक्रिय हो गया। इस दौरान पूरे दिन सकरी, हाफा, लोखड़ी व आसपास के इलाकों में सर्चिंग की गई। लेकिन टीम को न तो बाघ नजर आया और न ही पगमार्क मिले। वन विभाग की टीम ने गाय को किसी दूसरे जानवर के काटने की आशंका है।
दरअसल, तखतपुर वन परिक्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग जगहों पर बाघ के विचरण करने की जानकारी मिल रही है। पिछले सप्ताह बाघ को बेलपान के पास खेत के पास देखा गया था। इस दौरान सुबह खेत गए एक किसान पर बाघ ने हमला कर दिया था, जिससे वो घायल हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग और अचानकमार टाइगर रिजर्व की टीम ने मौके पर पहुंची, उन्हें बाघ दिखाई भी दिया। बाघ झाड़ियों के पीछे आराम कर रहा था। लेकिन, विभाग के अफसरों ने बाघ को रेस्क्यू करने कोई ध्यान नहीं दिया।
जिसके बाद दूसरे दिन टीम ने बाघ की खोज के लिए सर्चिंग अभियान चलाया। लेकिन, बाघ वहां नहीं था। तब वन अफसरों ने बताया कि बाघ एटीआर की तरफ आगे बढ़ गया है। जिसके बाद से इस क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बाघ के दिखने की सूचना मिल रही है।





