
x
छग
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में मवेशी व्यापारियों को जंगल में बंधक बनाकर मारपीट, लूटपाट और फिरौती वसूलने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने तीन व्यापारियों से 70 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिए। इसके बाद उन्हें बंधक बनाकर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी और डराकर बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में 90 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। मामले में भोरमदेव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 को ग्राम रौचन निवासी कुलेश्वर विश्वकर्मा अपने साथी गुनु धुर्वे और शिव प्रसाद के साथ खरीदे गए 9 मवेशियों को बेचने मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के ग्राम सारसडोल जा रहे थे। रात करीब 9 बजे तीनों व्यापारी चढ़चौड़ा जंगल के ढलान के पास मवेशियों के साथ विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम केसदा निवासी कामू बैगा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा।
आरोपियों ने व्यापारियों से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कुलेश्वर विश्वकर्मा से 10 हजार रुपये और मोबाइल, शिव प्रसाद से 40 हजार रुपये और मोबाइल तथा गुनु धुर्वे से 20 हजार रुपये नकद लूट लिए। लूटपाट के बाद आरोपी तीनों व्यापारियों को अपने कब्जे में लेकर ग्राम केसदा की ओर ले गए। वहां उनसे 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। बातचीत के बाद आरोपियों ने अपने बताए बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में कुल 90 हजार रुपये जबरन ट्रांसफर करा लिए। रकम मिलने के बाद व्यापारियों को उनके मवेशियों सहित छोड़ दिया गया।
पीड़ित की शिकायत पर 8 नवंबर को भोरमदेव थाने में बीएनएस की धारा 309(6), 140(3), 119(1), 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1 लाख 42 हजार रुपये है। इसके अलावा बैंक खाते में प्राप्त फिरौती की रकम से संबंधित 89 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में कामू बैगा (30), चंदन सिंह धुर्वे (54), महेश धुर्वे (22) और सुरेश धुर्वे (37) शामिल हैं। सभी ग्राम केसदा के निवासी हैं। पुलिस ने चारों को 9 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लालमन साव, एएसआई दिनेश झरिया, एएसआई संजीव तिवारी और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने व्यापारियों से सतर्क रहने और किसी भी आपराधिक घटना की तत्काल सूचना देने की अपील की है।
Next Story





