छत्तीसगढ़

बाइक सवार महिला- पुरुष समेत तीन की मौत

Nilmani Pal
30 Dec 2022 11:04 AM GMT
बाइक सवार महिला- पुरुष समेत तीन की मौत
x
छग

जांजगीर-चांपा। जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसे में 3 लोगों की जान चली गई। इसमें से एक हादसा NH-49 पुटपुरा तिराहे के आगे खोखरा गांव के पास हुआ। यहां अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बाइक चला रहे युवक जितेंद्र सूर्यवंशी (28 वर्ष) और पीछे बैठी महिला संतोषी सारथी (32 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, जितेंद्र सूर्यवंशी गुरुवार को अपने घर धाराशिव से बनारि में बैंक ऑफ इंडिया से पैसा निकालने के लिए गया हुआ था। उसके साथ महिला संतोषी सारथी भी गई हुई थी। दोनों घर वापस नहीं लौटे। शाम 7 बजे डायल 112 ने परिजनों की सूचना दी कि सड़क हादसे में दोनों की मौत हो गई है। मृतक मजदूरी करता था। वहीं मृत महिला के पति बबलू सारथी ने बताया कि उसकी पत्नी संतोषी भी मजदूरी करती थी और जितेंद्र और संतोषी एक ही गांव के रहने वाले थे, इसलिए साथ ही काम पर जाते थे।

मृत युवक के माता-पिता पंजाब राज्य के चंडीगढ़ में मजदूरी करने के लिए गए हुए हैं। यहां उसके बाकी रिश्तेदार रहते थे। वहीं मृत महिला संतोषी के पति बबलू ने बताया कि गुरुवार को वो रिक्शा चलाने के लिए जांजगीर आ गया था। उसके बेटे राजा (12 वर्ष) ने उसे फोन किया कि मां अभी तक वापस नहीं आई है। बाद में थाने से पता चला कि जिला अस्पताल लाने के दौरान उसकी पत्नी की मौत हो गई है। सड़क हादसे में वो गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

वहीं दूसरे हादसे में गुरुवार को नवागढ़ के नवीन कॉलेज के पास दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई, जिसमें एक बाइक सवार युवक द्वास कश्यप (25 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथ बाइक पर बैठे दो युवक मनीराम कश्यप (24 वर्ष) और दीपक कश्यप (23 वर्ष) को गंभीर चोट आई है। दोनों के पैर में फ्रैक्चर हो गया है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों दीपक साहू और अमित कश्यप को मामूली चोट आई है। ये दोनों नवागढ़ के रहने वाले हैं, जो किसी काम से चोरभट्टी गांव गए थे। वहां से वे नवागढ़ की तरफ आ रहे थे, तभी नवीन कॉलेज के सामने हादसा हुआ।


Next Story