छत्तीसगढ़

अलमारी और सूटकेस से गहने-कैश ले उड़े चोर, ग्रिल काटकर घुसे थे घर अंदर

Nil dhankar
7 Oct 2022 11:14 AM IST
अलमारी और सूटकेस से गहने-कैश ले उड़े चोर, ग्रिल काटकर घुसे थे घर अंदर
x

जांजगीर-चांपा। जिले में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए गहने और नगद मिलाकर कुल 6 लाख रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना मिशन कंपाउंड जांजगीर की है। आरोपी खिड़की के ग्रिल को काटकर घर के अंदर घुसे थे। परिवार जब वापस लौटा, तो घर पूरा बिखरा हुआ मिला। अलमारी और सूटकेस भी खुले हुए थे। परिवार ने तुरंत घटना की जानकारी सिटी कोतवाली थाना पुलिस को दी।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी उमेश साहू ने बताया कि फिलहाल घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मकान मालिक एलियट नंद अपने परिवार के साथ 30 सितंबर को कोरबा जिले के NTPC एरिया में स्थित सतदल नाथ अस्पताल गया था। उसकी पत्नी को हड्डी से जुड़ी कोई दिक्कत है, वो उसी के इलाज के लिए वहां गया हुआ था। जब वो वापस 6 अक्टूबर को अपने घर जांजगीर-चांपा पहुंचा, तो बाहर से ताला वैसे ही लगा हुआ था, जैसे वे लगाकर गए थे। लेकिन जैसे ही ताला खोलकर वे अंदर पहुंचे, उनके होश उड़ गए।

घर के अंदर का सामान पूरा इधर से उधर पड़ा हुआ था। अलमारी से सोने के गहने और नगद गायब मिले। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने 7 तोला सोना कीमत 3 लाख 92 हजार और 2 लाख नगद मिलाकर कुल 6 लाख रुपए चुरा लिए। जांच अधिकारी ने कहा कि घर की पूरी जांच की गई है। खिड़की में लगा लोहे का एंगल टूटा हुआ मिला है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 380 और 457 के तहत केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके।

Next Story