निगम और बिजली कर्मी के घर चोरी, लाखों रुपए चोरों ने उड़ाए

रायपुर। राजधानी में दो दिन के भीतर चोरों ने 6 से ज्यादा मकान में घुसकर चोरी की है। सूने मकानों का ताला तोड़कर चोर भीतर घुसे और आलमारी में रखा कैश व जेवर समेत 10 लाख से ज्यादा का जेवर चुराकर ले गए। मकान में रहने वाले जब लौटे तब चोरी का पता चला। चोरों ने सबसे बड़ी चोरी टाटीबंध इलाके में की है। पुलिस अफसरों ने बताया कि टाटीबंध निवासी प्रशांत नरवरे भांजी की ग्वालियर में शादी थी। पूरा परिवार 19 तारीख से ग्वालियर गया था। वहां से मंगलवार सुबह वे लौटे।
उन्होंने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ है। भीतर कमरे में आलमारी का सामान फर्श पर बिखरा हुआ है। आलमारी में रखे जेवर व कैश गायब हैं। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस चोरों की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है। इसी तरह विधानसभा इलाके में निगम कर्मी छविलाल सोनवानी के यहां 80 हजार की चोरी हो गई। कोटा में बिजली कर्मी लखपति सिंदूर के घर से चोर 1 लाख के जेवर चुराकर ले गए। कांशीराम नगर में मनीष दुबे के घर डेढ़ लाख, शिवानंद नगर में प्रशांत नाग में एक लाख और गंगानगर में 30 हजार की चोरी हुई है।





