छत्तीसगढ़

वकील और कारोबारी के घर चोरों ने बोला धावा, 5 लाख के जेवरात पार

Nilmani Pal
26 April 2024 2:42 AM GMT
वकील और कारोबारी के घर चोरों ने बोला धावा, 5 लाख के जेवरात पार
x
छग

अंबिकापुर। शहर के नवापारा चर्च मैदान के समीप गली में धावा बोल चोरों ने दो सूने घरों को खंगाल दिया। दोनों घरों से लाखों की चोरी हुई है। अधिवक्ता केडी प्रजापति 22 अप्रैल को प्रतापपुर गए थे, 23 को वापस लौटने पर पता चला उनके घर का ताला टूटा है। अधिवक्ता के मुताबिक चोरों ने उनके घर से करीब 5 से 6 लाख रुपए मूल्य का सोना चांदी का जेवरात पार कर दिया,

इसी प्रकार उनके पड़ोसी राशन दुकान के संचालक सुनील मिश्रा, उनके भाई रजनीश और मनीष घर में ताला लगा पैतृक गांव रीवा गए थे। घर की देखरेख के लिए चाबी पड़ोसी गोपाल प्रधान को सौंपा था। इसी बीच उनके सूने घर को भी खंगालते हुए चोरों ने तीन आलमारी तोड़ नगद करीब 50 हजार रूपए और चार से पांच लाख रुपए मूल्य का जेवर पार कर दिया, जाते समय चोरों ने उनके घर पर दूसरा ताला लगा दिया।

मिली जानकारी के अनुसार नवापारा निवासी वकील केडी प्रजापति न्यायालयीन कार्य से बीते 22 अप्रैल को प्रतापपुर चले गए थे। उनकी पत्नी पहले से ही गृहग्राम चेमी चमनपुर गई हुई थी। प्रजापति भी देर रात गृहग्राम चमनपुर पहुंचने के अगले दिन 23 अप्रैल को अंबिकापुर न्यायालय में काम कर शाम को वे घर लौटे। रात को जब वे बेडरूम में गए तो उन्होंने देखा बगल के पूजा कमरे की पेटी अपने जगह से अन्यत्र दिखी। पेटी का ताला भी टूटा था। संदेह होने पर जब उन्होंने पेटी खोली तो गहनों के खाली डिब्बे नजर आए। तब उन्हें चोरी का पता चला।

वकील प्रजापति के अनुसार बेटे की शादी के लिए उन्होंने 2021 में चार लाख के आभूषण बनवाए थे। ये सारे आभूषण चोरी कर लिए गए हैं। उनके घर के बगल में किराना व्यवसायी चन्द्रमणि मिश्रा का परिवार रहता है। परिवार में तीन बेटे और बहू भी हैं। मूलत: रीवा के हनुमना निवासी चन्द्रमणि मिश्रा के गृह निवास में श्री भागवत कथा चल रही है। परिवार के सदस्य इसमें शामिल होने गए हुए हैं। वकील प्रजापति के घर चोरी की जानकारी पर जब मिश्रा परिवार के सदस्य पहुंचे तो दूसरा ताला लगा हुआ था। इसी से उन्हें चोरी का पता चला। चोरों ने तीन अलमारी, दो अटैची के अलावा बैग की तलाशी ली थी। यहां से चोरों ने 35 से 40 हजार नगद, दो मंगलसूत्र, सोने का कान में पहनने वाला गहना, पायल सहित अन्य जेवर पार कर दिए थे। यहां से ढाई से तीन लाख की चोरी का अनुमान है। परिवार के सदस्यों के आने के बाद विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। चोरी की सूचना पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू कर दिया है।

Next Story