चोरों ने किया बर्तन और मोबाइल पार, चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज

बिलासपुर। दादा के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए युवक के घर से चोरों ने बर्तन और मोबाइल पार कर दिया। दूसरे दिन वापस आने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। आसपास के तलाश के बाद युवक ने इसकी शिकायत चकरभाठा थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है। चकरभाठा के राहुल राज डहरिया निजी संस्थान में काम करते हैं। 23 दिसंबर को उनके दादा का देहांत हो गया। इस पर उनका परिवार अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए चला गया। राहुल घर में अकेले थे। इसके कारण 30 दिसबंर की रात आठ बजे वे भी मकान में ताला लगाकर उसलापुर परिचित के यहां चले गए। शुक्रवार की सुबह सात बजे वे अपने घर में वापस आए। इस दौरान उनके मकान का ताला टूटा हुआ था। अंदर तीन कमरों का सामान बिखरा हुआ था।
उनके कमरे से टीवी, चांदी की थाली, गिलास, चम्मच, कांसे के बर्तन, मोबाइल समेत अन्य सामान गायब थे। उन्होंने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। इसके बाद चोरों की जानकारी जुटा रहे थे। चोरों का पता नहीं चलने पर उन्होंने रविवार को इसकी शिकायत चकरभाठा थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है।