छत्तीसगढ़

छत काटकर शो-रूम में घुसे चोर, कैश के साथ DVR भी ले गए

Shantanu Roy
15 Sept 2026 5:54 PM IST
छत काटकर शो-रूम में घुसे चोर, कैश के साथ DVR भी ले गए
x
छग
Pendra. पेंड्रा। अडभार रोड स्थित एक शो-रूम में अज्ञात चोरों ने छत काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर शो-रूम के अंदर दाखिल हुए और काउंटर की दराज का ताला तोड़कर करीब 30 हजार रुपये नगद ले गए। इसके साथ ही वहां लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी चोरी कर लिया गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। शिकायत मिलने के बाद पेंड्रा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के
अडभार रोड
की है। वार्ड नंबर 11 निवासी नवीन फरमानिया अपने पिता नरेश कुमार फरमानिया के साथ यहां 'नवीन ट्रेडर्स' नाम से शो-रूम संचालित करते हैं। नवीन के मुताबिक रोज की तरह रात करीब 8 बजे काम खत्म होने के बाद शो-रूम बंद कर वे घर चले गए थे।

अगले दिन सुबह करीब 8:30 बजे नरेश कुमार फरमानिया अपने कर्मचारी सागर प्रजापति के साथ शो-रूम खोलने पहुंचे। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर उन्हें सामान अस्त-व्यस्त दिखाई दिया। काउंटर की दराज खुली हुई थी और उसका ताला भी टूटा मिला। स्थिति देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। काउंटर की जांच करने पर दराज में रखे करीब 30 हजार रुपये गायब मिले। इसके बाद शो-रूम संचालक ने घटना के बारे में जानकारी जुटाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने की कोशिश की, लेकिन वहां लगा डीवीआर भी गायब मिला। इसके बाद पूरे शो-रूम की जांच की गई। इस दौरान छत का एक हिस्सा कटा हुआ मिला। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात चोरों ने पहले छत काटी और उसी रास्ते से शो-रूम के अंदर दाखिल हुए।

वारदात को अंजाम देने के बाद चोर नगदी के साथ सीसीटीवी का डीवीआर लेकर फरार हो गए। शो-रूम संचालक के अनुसार वारदात रात करीब 8 बजे से अगली सुबह 8:30 बजे के बीच हुई है। चोरी गए 30 हजार रुपये नगद और डीवीआर समेत कुल नुकसान करीब 45 हजार रुपये बताया गया है। सीसीटीवी का डीवीआर भी चोरी होने के कारण शो-रूम के कैमरों में रिकॉर्ड हुई गतिविधियों को तत्काल देख पाना संभव नहीं हो सका। हालांकि आसपास के प्रतिष्ठानों और रास्तों पर लगे अन्य कैमरों से आरोपियों के संबंध में
सुराग मिलने
की संभावना है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटा रही है। घटना की शिकायत मिलने के बाद पेंड्रा थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरी के तरीके और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल चोरी में कितने लोग शामिल थे, इसे लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ आरोपियों की तलाश कर रही है।
Next Story