छत्तीसगढ़

घर में घुसे चोर, CCTV उखाड़े और कार ले जाकर फूंक दी

jantaserishta.com
4 Oct 2026 12:43 PM IST
घर में घुसे चोर, CCTV उखाड़े और कार ले जाकर फूंक दी
x
छत्तीसगढ़.
बिलासपुर: हिर्री थाना क्षेत्र के अमसेना गांव में चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। चोर रात में घर की खिड़की की ग्रिल हटाकर अंदर घुसे, तीन सीसीटीवी कैमरे उतार लिए और फ्रिज के ऊपर रखी कार की चाबी भी ले गए। इसके बाद घर के बाहर खड़ी कार लेकर करीब दो किलोमीटर दूर पहुंचे और उसे आग के हवाले कर दिया। सुबह कार पूरी तरह जली हुई हालत में मिली।
अमसेना निवासी ओमप्रकाश कौशिक सेंटरिंग का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 30 सितंबर की रात करीब 10 बजे भोजन के बाद परिवार के साथ सो गए थे। उनकी कार रिश्तेदार राजकुमार कौशिक के घर के पास खड़ी थी और लॉक थी।
सुबह करीब 7 बजे उठने पर उन्हें रसोई की खिड़की की लोहे की ग्रिल उखड़ी मिली। घर के भीतर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि सुरक्षा के लिए लगाए गए तीन सीसीटीवी कैमरे गायब हैं। फ्रिज के ऊपर रखी कार की चाबी भी नहीं थी।
ओमप्रकाश जब कार खड़ी करने वाली जगह पहुंचे तो वाहन गायब था। आसपास तलाश करने पर अमसेना में आयशर शोरूम के पास कार जली हुई मिली। मौके पर पहुंचने पर वाहन पूरी तरह जल चुका था। पुलिस के मुताबिक चोरी और कार जलाने की घटना रात 10 बजे से सुबह 7 बजे के बीच हुई। चोर पहले घर में घुसे, सीसीटीवी कैमरे हटाए और कार की चाबी लेकर वाहन लेकर निकल गए। इसके बाद करीब दो किलोमीटर दूर कार में आग लगा दी।
वारदात से पहले घर में लगे कैमरों को निशाना बनाया जाना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण कड़ी है। जिस तरह चोरों ने कैमरों को हटाया और फ्रिज के ऊपर रखी चाबी निकालकर कार ले गए, उससे पुलिस को आशंका है कि आरोपी घर की बनावट और वाहन की स्थिति से परिचित हो सकते हैं। अभी किसी आरोपी की पहचान नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे दूसरे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और चोरों के आने-जाने के संभावित रास्तों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 305(ए), 26(जी) और 331(4) सहित संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story