छत्तीसगढ़

भीख मांगने की आड़ में करते थे चोरी, गिरोह का सरगना समेत दो गिरफ्तार

Shantanu Roy
24 Nov 2026 10:53 PM IST
भीख मांगने की आड़ में करते थे चोरी, गिरोह का सरगना समेत दो गिरफ्तार
x
छग
Balrampur. बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में घरों में चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ बलंगी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के कथित सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी भीख मांगने के बहाने गांवों में घूमकर घरों की रेकी करते थे और बाद में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल बाइक सहित कुल एक लाख 29 हजार 745 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरा मामला 12 मई 2026 की रात ग्राम मझौली में हुई चोरी की वारदात से जुड़ा है। गांव के निवासी धीरेंद्र कुमार पाठक के घर में तीन नकाबपोश आरोपी घुस गए थे। आरोपियों ने घर के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इसी दौरान आवाज सुनकर धीरेंद्र कुमार पाठक की नींद खुल गई। घर में संदिग्ध व्यक्तियों को देखकर धीरेंद्र ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान दो आरोपी दीवार फांदकर मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को उन्होंने पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी ने खुद को छुड़ाने के लिए लोहे की रॉड जैसी वस्तु से धीरेंद्र के सीने और माथे पर हमला कर दिया। इसके बाद वह भी मौके से फरार हो गया। आरोपियों ने घर से करीब 91 हजार 616 रुपये के जेवर चोरी कर लिए थे।
घटना की शिकायत के बाद बलंगी पुलिस चौकी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चौकी प्रभारी पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटना से जुड़े विभिन्न तथ्यों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस को मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के रहने वाले शुक्ला बसोर के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। 22 नवंबर 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के बरगवां थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर शुक्ला बसोर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान शुक्ला बसोर ने राजकुमार बसोर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए कुछ जेवर पंजाब में एक अज्ञात व्यक्ति को बेच दिए गए थे। मामले में पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अपराध में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत एक लाख 29 हजार 745 रुपये आंकी गई है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी भीख मांगने के बहाने विभिन्न गांवों में घूमते थे। इस दौरान घरों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस अब गिरोह की गतिविधियों और अन्य संभावित वारदातों से इनके संबंधों की पड़ताल कर रही है। करीब छह महीने पुराने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी बलंगी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई का परिणाम है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, गिरोह के अन्य साथी और पंजाब में बेचे गए जेवरों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
Next Story