
x
छग
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: मुंगेली नगर पालिका पर मृत गायों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार करीब एक दर्जन मृत गायों को नगर के कचरा डंपिंग स्थल पर फेंक दिया गया। कचरे में लगी आग के कारण कई गायों के शव अधजली अवस्था में मिले, जिन्हें पक्षियों द्वारा नोचते देखा गया। घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों, गौसेवकों और गौप्रेमियों में भारी नाराजगी फैल गई।
गौसेवा से जुड़े लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि मृत गायों का वैज्ञानिक और सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए था। उनका कहना है कि पहले मृत मवेशियों को गड्ढा खोदकर दफनाया जाता था, लेकिन इस बार नियमों और धार्मिक भावनाओं की अनदेखी की गई है। गौसेवकों ने मांग की है कि भविष्य में नगर में किसी भी गाय की मृत्यु होने पर उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी अंकुर पांडेय ने कहा कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने बताया कि मृत गायों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने यह आशंका भी जताई कि नगर पालिका को बदनाम करने के उद्देश्य से यह घटना जानबूझकर कराई गई हो सकती है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर नगर में आक्रोश और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
Next Story





