छत्तीसगढ़

कस्टडी में आरोपी की तबीयत बिगड़ने के बाद बवाल, मेकाहारा में कराया गया भर्ती

Nil dhankar
21 Nov 2024 10:47 AM IST
कस्टडी में आरोपी की तबीयत बिगड़ने के बाद बवाल, मेकाहारा में कराया गया भर्ती
x

दुर्ग। जिले के भिलाई में स्मृति नगर चौकी में कल रात जमकर बवाल हुआ। दो से ढाई सौ लोग चौकी के सामने प्रदर्शन करने लगे। सभी का आरोप था कि पुलिस ने पकड़े गए एक युवक से मारपीट की तभी उसकी तबियत बिगड़ी है। युवक फिलहाल रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में उपचारार्थ भर्ती है। आपको बता दें कि स्मृति नगर पुलिस ने डेरा बस्ती फ़रीद नगर सुपेला निवासी आरोपी पिंटू नेताम (19 वर्ष) को 18 अक्टूबर 2024 को गिरफ्तार किया था। छीना झपटी और मारपीट के मामले में 16 अक्टूबर को हुई एक एफआईआर के तहत पुलिस ने 3 युवकों को गिरफ़्तार किया था जिसमें पिंटू नेताम भी शामिल था। आरोपी पिंटू नगर निगम में सफ़ाई कर्मी है।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस कस्टडी में पिंटू से हुई मारपीट से उसकी तबियत बिगड़ी और उसे मेकाहारा रायपुर में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान पिंटू कोमा में चले गया है। दरअसल लूट के मामले में फरीद नगर स्थित बस्ती से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। बुधवार को दुर्ग सेंट्रल जेल में आरोपी की तबीयत बिगड़ने पर उसे रायपुर मेकाहारा में भर्ती कराया गया। जैसे ही आरोपी के परिजनों को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने चौकी का घेराव कर दिया। उनकी माने तो आरोपी पिंटू नेताम को पुलिसकर्मियों ने पीटा है।

कल रात प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने चौकी प्रभारी वंदिता से धक्का मुक्की कर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी से लाठी छीनने का प्रयास भी किया। मामला बेकाबू होने पर पुलिस ने बल प्रयोग किया तो लोग और आक्रोशित हो गए। इस बीच सामने से किसी ने पत्थर फेंका जो भीड़ और पुलिसकर्मियों को लगा है।

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि 16 अक्टूबर को लूट की एक घटना हुई थी। स्मृति नगर चौकी में लूट और अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में डेरा बस्ती निवासी पिंटू नेताम को गिरफ्तार कर उसके पास से लूट का मोबाइल और नगद रकम जब्त किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई।


Next Story