![शराब पीने के दौरान घर में हुआ विवाद, साथी ने कर दी युवक की हत्या शराब पीने के दौरान घर में हुआ विवाद, साथी ने कर दी युवक की हत्या](https://jantaserishta.com/h-upload/2021/06/23/1125165-cirme.webp)
बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र के बघर्रापारा सिलदहा में साथी ने शराब पीने के दौरान हुए विवाद में युवक की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित युवक मौके से फरार हो गया। गांव के सरपंच ने घटना की जानकारी रतनपुर पुलिस को दी है। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। रतनपुर पुलिस मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश कर रही है। रतनपुर थाना प्रभारी हरविंदर सिंह ने बताया कि घटना मंगलवार शाम सात बजे की है। सिलदहा के बघर्रापारा निवासी विशाल धनुहार(39) अपने घर के आंगन में बैठकर शराब पी रहा था। इस दौरान गांव में रहने वाला उदय कुमार बिरको वहां आ गया। इसके बाद दोनों आंगन में ही बैठकर शराब पीने लगे। इस दौरान विशाल की पत्नी कुमारी बाई घर के अंदर थी। शराब पीने के दौरान विशाल और उदय में किसी बात को लेकर विवाद होने लगा। इस पर विशाल की पत्नी आंगन में आई।
विवाद के दौरान ही उदय ने आंगन में रखी लकड़ी के बल्ली को उठाकर विशाल के सिर में मार दी। इससे वह मौके पर ही गिर गया। सिर में लगी चोट की वजह से विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह फरार हो गया। कुमारी बाई ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। इसके बाद गांव के सरपंच पुस्र्षोत्तम बिरको ने घटना की जानकारी रतनपुर पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने गांव के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की है। वहीं, पुलिस उदय की तलाश कर रही है। बुधवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं, आरोपित के पकड़ाने पर घटना का कारण स्पष्ट हो सकेगा।