छत्तीसगढ़

राजधानी में नहीं रूक रही चोरियां, रोज टूट रहे ताले

Nilmani Pal
19 Dec 2021 5:32 AM GMT
राजधानी में नहीं रूक रही चोरियां, रोज टूट रहे ताले
x
चोरों ने सराफा दुकान और कार शोरूम में बोला धावा

जसेरि रिपोर्टर: रायपुर। राजधानी में चोरी की वारदात लगातार हो रही है। चोर सुनेे मकान और कवर्ड फ्लैटों के साथ अब दुकानों शोरूम को भी निशाना बना रहे हैं। वारदात को अंजाम देने से पहले बकायदा चिन्हित स्थलों की रेकी करने के बाद चोर माल साफ कर रहे हैं। गुढिय़ारी में नवकार ज्वेलर्स बड़ी चोरी के ढाई महीने बाद चोरों ने फिर सराफा दुकान को निशाना बनाया है। शुक्रवार-शनिवार की रात पंडरी स्थित कृष्णा ज्वेलर्स का शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोर 25 लाख के सोने-चांदी के जेवर चुराकर ले गए। चोरों ने लॉकर खोलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। रैक और काउंटर में जितने जेवर रखे थे पूरा समेटकर ले गए। दुकान के ठीक बाजू में कांप्लेक्स मालिक परिवार के साथ रहते हैं। उनके घर के एक सदस्य ने खटपट की आवाज सुनी थी। उन्हें लगा बाजे में बन रहे मकान की ईंट गिरी होगी। उसके बाद वे सो गए। चोरी का पता सुबह चला। दुकान के भीतर सीसीटीवी कैमरा लगा है, जिसमें दो नकाबपोश चोर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को शक है चोरी के पहले रेकी की गई। उसके बाद प्लानिंग के साथ सेंधमारी की गई। देवेंद्र नगर पुलिस ने बताया कि पंडरी मंडी गेट के पास जंघेल कांप्लेक्स है। इस कांप्लेक्स के ग्राउंड फ्लोर पर विजय ओझा की ज्वेलरी की दुकान है। रोज की तरह शुक्रवार रात 10 बजे उन्होंने दुकान बंद की। दुकान के भीतर दो कैमरे लगे हैं। सुबह 6 बजे कांप्लेक्स के मालिक ने अपना होटल खोला तब उनकी नजर सराफा दुकान के कांच के टूटे दरवाजे पर पड़ी। भीतर झांका तो देखा ज्वेलरी के खाली डिब्बे बिखरे हुए हैं। वे माजरा समझ गए। उन्होंने कारोबारी विजय को सूचना दी। कारोबारी हड़बड़ा गए। आनन-फानन में वे अपने परिजनों के साथ दुकान पहुंचे। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। चोरी में 25 लाख के गहने पार होने का अनुमान है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांप्लेक्स के ठीक बाजू मकान का निर्माण चल रहा है। वहां पर बांस बंधा हुआ है। चोर उसी बांस के सहारे कांप्लेक्स की छत में आए हैं। सीढिय़ों के रास्ते से कांप्लेक्स के भीतर घुस गए। कृष्णा ज्वेलर्स के दो गेट हैं। एक सामने मेन रोड की ओर है और दूसरा हिस्सा दूसरा बगल में है, जो कांप्लेक्स के भीतर है। चोरों ने कांप्लेक्स के भीतर खुलने वाले शटर का ताला तोड़ा। शटर उठाने के बाद कांच का दरवाजा तोड़कर भीतर गए। दुकान की रैक में चांदी और कुछ सोने के गहने थे। चोर पूरे जेवर ले गए। लॉकर के लॉक को तोडऩे के निशान हैं। पुलिस का मानना है कि चोरों ने लॉकर खोलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। पुलिस को कांप्लेक्स के बाजू बन रहे निर्माणाधीन मकान में चोरों का जूता मिला है। एक गमछा भी जब्त किया गया है।

BMW शोरूम से चोर छह लाख रुपये से भरा लाकर लेकर भागे

राजधानी रायपुर के सरोना स्थित बीएमडब्ल्यू कार के शोरूम में लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है।पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामले में डीडी नगर थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम जांच में जुटी हुई है। गुरुवार देर रात तीन चोरों ने शोरूम घुसकर लाखों रुपये से भरा लाकर पार कर दिया। पुलिस थाने से मिली जानकारी के अनुसार छह लाख 76 हजार रुपये से भरे लाकर को चोरों ने शोरूम के पीछे की दीवाल फांद चोरी की। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इसमें साफ तौर पर चोर शोरूम के दफ्तर में लगे कांच के दरवाजे के लाक को तोड़ते हुए अंदर घुसकर लाकर को उठाकर ले जाते नजर आ रहे। जब शोरूम खोलने पहुंचे कर्मचारियों तो चोरी की घटना के बारे में पता चला। इसके बाद इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

ऐसी ही दो और वारदातें, आरोपित अब तक फरार:आमानाका थाना क्षेत्र के टाटीबंध स्थित महिंद्रा शोरूम में दो सप्ताह पहले कैश काउंटर से 11 लाख रुपये चोरी की वारदात हुई। शोरूम के पीछे की बाउंड्री से कुदकर नकाबपोश अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना सीसीटीवी सीसीटीवी में कैद हो गई। हालांकि अब तक आरोपितों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है। इसी तरह पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुरियर आफिस में चोरी की घटना सामने आई। इसमें चोर लाकर सहित दो लाख 80 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।

डीडी नगर थाना प्रभारी योगिता खापर्डे ने बताया, आरोपितों को पकडऩे में जुटी है पुलिस-शो-रूम में चोरी की वारदात हुई है। चोर लाकर लेकर फरार हो गए हैं। आरोतिपों को पकडऩे पुलिस की टीम लगी हुई है।

Next Story