
x
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के सोनार मोहल्ले में घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी का माल खरीदने वाले अकलतरा निवासी सोनार सुमित अग्रवाल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वारदात में तीन विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनके मेमोरेण्डम के आधार पर करीब 15.87 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 7 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।
घर में सो रहे परिवार के कमरे की बाहर से लगाई कुंडी
मामला बलौदा के वार्ड क्रमांक 7 स्थित सोनार मोहल्ले का है। प्रार्थी नवीन सोनी अपने परिवार के साथ घर में सोया हुआ था। सुबह उठने पर परिवार के लोगों ने देखा कि कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। इसके बाद घर के दूसरे कमरे में जाकर जांच की गई तो आलमारी का ताला और कुंडी टूटी हुई मिली। आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम गायब थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 386/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और साइबर सेल से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया गया और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने तीन विधि से संघर्षरत बालकों की मदद से घर में प्रवेश कर चोरी करने की बात स्वीकार की।
चोरी के जेवर बेचने में महिला की भूमिका
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए जेवरात को बेचने के लिए संगीता जगत की मदद ली गई थी। आरोपियों द्वारा चोरी का माल अकलतरा निवासी सोनार सुमित अग्रवाल को बेचने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार किया।
आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने चोरी का मसरूका बरामद कर लिया। बरामद सामान में रानी हार, चांदी की चैन, चोकर हार, सोने की नथ, ओम लॉकेट, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और सोने की धातु समेत अन्य जेवरात शामिल हैं। इसके अलावा 7 हजार रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं। बरामद कुल मसरूका की कीमत करीब 15.87 लाख रुपये बताई गई है।
चार आरोपी गिरफ्तार, तीन बालक भी शामिल
पुलिस ने मामले में बलौदा निवासी आयुष आदित्य उर्फ आशु (26 वर्ष), जीतु देवार (20 वर्ष), अकलतरा निवासी सुमित अग्रवाल (41 वर्ष) और बलौदा निवासी संगीता जगत (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी पाई गई है, जिनके संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने जेवरात को खपाने की कोशिश की थी। हालांकि सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और साइबर सेल की तकनीकी मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई और चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, साइबर प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सहायक उप निरीक्षक रामदुलार साहू सहित थाना बलौदा और साइबर थाना जांजगीर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब मामले में आरोपियों से आगे की पूछताछ कर चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।
Next Story





