छत्तीसगढ़

6 लाख की चोरी का खुलासा, आधा दर्जन आरोपी पकड़ाए

Nilmani Pal
8 Jan 2023 7:55 AM GMT
6 लाख की चोरी का खुलासा, आधा दर्जन आरोपी पकड़ाए
x
छग

सक्ती। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के सर्करा गांव में करीब 6 लाख की चोरी के 6 आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। 4 जनवरी को चोरी की घटना का पता चला था। घर के मेन गेट और चारों कमरों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहने और नगद समेत 5 लाख 89 हजार रुपए की चोरी हुई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की, तो 4 लोग संदिग्ध दिखाई दिए। उन्हें हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 3-4 जनवरी 2023 की दरम्यानी रात को सूने मकान का ताला तोड़कर उन्होंने गहने और कैश पर हाथ साफ कर दिया। गहनों को बेचने के लिए आरोपी गौरीशंकर गवेल (42 वर्ष) निवासी दर्राभाटा को दिया गया था। उसने राजेंद्र कुमार सोनी (55 वर्ष) जो कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र का रहने वाला है, उसे चोरी के जेवर बेचे। आरोपी राजेंद्र कुमार सोनी की आनंद नगर में आरके ज्वेलर्स के नाम से सोने-चांदी के गहनों की दुकान है। वो वार्ड क्रमांक 57 भैरव ताल आनंद नगर का रहने वाला है।

पुलिस ने गौरीशंकर गवेल के बयान पर आरोपी राजेंद्र कुमार सोनी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आरोपी गौरीशंकर के 4 और साथी भूपेश साहू (21 साल) और प्रेम लाल साहू (28 साल), बंटी साहू (21 साल) और राहुल साहू (28 साल) को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी सर्करा गांव के ही रहने वाले हैं। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के गहने और नगद बरामद कर लिए गए हैं। जिसमें 1 कटवा माला, 2 करजफूली, 2 झाला, 2 जोड़ी टॉप्स वजन करीब पौने 10 तोला, टूटे-फूटे सोने के जेवर, 7 नाक की फूली, लॉकेट 8, चेन 1, गेहूं दाना, लॉकेट, फूली, मटर दाना, नथनी सोने की, अंगूठी वजन करीब पौने 3 तोला कुल कीमत 5 लाख 50 हजार रुपए बरामद हुए। इसके साथ ही चांदी की पायल 3 जोड़ी, बिछिया 5 जोड़ी कुल कीमत 15 हजार रुपए बरामद हुआ।

Next Story