छत्तीसगढ़
कवर्धा में 12.50 लाख की चोरी का खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार
Shantanu Roy
30 Sept 2026 8:53 PM IST

x
छग
Kawardha. कवर्धा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मझगांव में घर से 12 लाख 50 हजार रुपए चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 11 लाख 53 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और लगातार पतासाजी के बाद दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। जानकारी के अनुसार ग्राम मझगांव निवासी हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 15 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में प्रवेश कर आलमारी के लॉकर में रखे 12 लाख 50 हजार रुपए चोरी कर लिए।
घटना के समय परिवार के कुछ लोगों ने चेहरे पर गमछा बांधे एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से बाहर निकलते देखा था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बड़ी रकम की चोरी को देखते हुए पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देश पर साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों की जानकारी जुटाई। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को ग्राम मझगांव निवासी कमलेश पटेल (19) की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि कमलेश ने अपने पुराने मकान की छत के रास्ते हीरालाल साहू के घर में प्रवेश किया था। घटना के समय गणेश चतुर्थी के कारण गांव में लोगों की आवाजाही कम थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने घर में प्रवेश किया और आलमारी के लॉकर में रखी रकम निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से निकल गया।
पुलिस पूछताछ में कमलेश ने चोरी की रकम के बारे में अपने पिता भागवत पटेल (50) को बताने की बात स्वीकार की। इसके बाद चोरी की रकम को अलग-अलग जगहों पर छिपाया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले रकम को पुराने मकान में रखा। बाद में कुछ पैसे खेत में बने बोर के कमरे में छिपाए गए। इसके बाद शेष राशि को घर की आलमारी में रख दिया गया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कुल 11 लाख 53 हजार रुपए बरामद किए। चोरी की कुल रकम 12 लाख 50 हजार रुपए बताई गई थी। पुलिस के मुताबिक शेष राशि का कुछ हिस्सा आरोपियों द्वारा खर्च कर दिया गया। मामले में पुलिस ने कमलेश पटेल और उसके पिता भागवत पटेल को 29 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चोरी की रकम का कितना हिस्सा कहां खर्च किया गया और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। हालांकि अब तक की जांच में पिता-पुत्र की भूमिका सामने आई है। इस कार्रवाई में साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। चोरी की बड़ी रकम बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में आगे की जांच जारी रखी है।
Next Story





