छत्तीसगढ़

आध्यात्मिक सभा में चोरी, मंगलसूत्र चोरों ने किए पार

Nilmani Pal
25 July 2023 8:07 AM GMT
आध्यात्मिक सभा में चोरी, मंगलसूत्र चोरों ने किए पार
x
छग

बिलासपुर। सरकंडा के बहतराई स्थित इंडोर स्टेडियम में मोटिवेशनल स्पीच देने आईं शिवानी दीदी के कार्यक्रम में चोर गिरोह पहुंच गया। गिरोह के लोगों ने सेल्फी लेते समय महिला के गले से सोने की चेन पार कर दिया। वहीं, तीन अन्य महिलाओं के गले से भी मंगलसूत्र चोरी हो गई। इस घटना में बाहरी महिला गैंग के शामिल होने का शक है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुट गई है।

सरकंडा थाना क्षेत्र के बहतराई इनडोर स्टेडियम में 'खुशियों का पासवर्ड' विषय पर आध्यात्मिक आयोजन किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के आयोजन में शिवानी दीदी ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरान मोटिवेशनल स्पीच को सुनने के लिए लोगों की काफी भीड़ जुटी थी। इसी भीड़ में चोर गिरोह भी पहुंच गया था, जिन्होंने कई महिलाओं के गले से सोने के जेवर चोरी कर लिए।

अशोक नगर हैवेंस पार्क कॉलोनी के सामने रहने वाली जानकी पटेल रविवार को वे बहतराई इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में गई थीं। सत्संग के बाद वे ब्रम्हकुमारी शिवानी दीदी के साथ सेल्फी ले रही थी। इसी दौरान उन्हें पता चला कि गले से सोने की 35 हजार रुपए कीमती चेन गायब है।

Next Story