छत्तीसगढ़

गुरुद्वारे में दिनदहाड़े चोरी: दान पेटी से 40 हजार पार

Shantanu Roy
30 Oct 2025 10:06 PM IST
गुरुद्वारे में दिनदहाड़े चोरी: दान पेटी से 40 हजार पार
x
छग
Balod. बालोद। जिले में एक बार फिर चोरों ने धार्मिक स्थल को निशाना बनाया है। बालोद शहर के गुरुद्वारे में दिनदहाड़े चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। अज्ञात चोर ने दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और दान पेटी में रखे करीब 40 हजार रुपए चोरी कर लिए। यह घटना रविवार की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, समाजसेवी धीरज चोपड़ा ने बताया कि गुरुद्वारे के अंदर रखी दान पेटी में लंबे समय से श्रद्धालुओं के दान के रुपए जमा थे। रविवार को जब समिति के सदस्य सफाई करने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि दान पेटी का ताला टूटा हुआ है। इसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज देखा गया, तो उसमें एक युवक सुबह करीब 11 बजे दीवार फांदकर अंदर जाते हुए नजर आया। कुछ देर बाद वह वापस निकलता हुआ दिखाई दिया।

घटना की सूचना तुरंत बालोद पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक जांच शुरू की गई। गुरुद्वारे परिसर और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 (चोरी) और धारा 331(3) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर चोरी की रकम बरामद की जा सकेगी। थाना प्रभारी ने बताया, “गुरुद्वारे से लगभग 40 हजार रुपए चोरी होने की सूचना मिली है। हमने एक संदिग्ध को पकड़ा है, जिससे पूछताछ जारी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।”

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक स्थलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए और ऐसे स्थलों पर चौकीदार या सीसीटीवी निगरानी को अनिवार्य किया जाए। गुरुद्वारा समिति के सदस्यों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए शर्मनाक हैं। चोरों ने भगवान के घर को भी नहीं छोड़ा। समिति ने सभी धार्मिक स्थलों में रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा कर्मी तैनात करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि अपराधी जल्द पकड़े जाएंगे। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान हो चुकी है, और उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। चोरी की इस घटना से बालोद शहर में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। इस घटना के बाद नगर के अन्य धार्मिक स्थलों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Next Story