छत्तीसगढ़

सूने मकान में चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

Shantanu Roy
8 Sept 2026 9:40 PM IST
सूने मकान में चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
x
छग
KCG. केसीजी। ग्राम पदुमतरा में एक सूने मकान का ताला तोड़कर सोने के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले का ठेलकाडीह पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामला ग्राम पदुमतरा का है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने 21 अगस्त 2026 को थाना
ठेलकाडीह
पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक वह 20 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे अपने पूरे परिवार के साथ रायपुर में आयोजित दसगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गया था। अगले दिन 21 अगस्त को शाम करीब 6 बजे जब परिवार के साथ वापस पदुमतरा स्थित घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।

घर के अंदर जाकर जांच करने पर अलमारी में रखे सोने के जेवरात और नकदी गायब मिले। शिकायत के अनुसार चोरी गए सामान में सोने की एक जोड़ी पुरानी इस्तेमाल की हुई झुमकी, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई, सोने की एक जोड़ी टॉप, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये, सोने का एक मंगलसूत्र, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये और करीब 5 हजार रुपये नकद शामिल थे। इस तरह चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई। शिकायत के आधार पर ठेलकाडीह थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 150/2026 दर्ज किया। मामले में बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत अपराध कायम कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश में पुलिस टीम ने चोरी की वारदात के आरोपियों की तलाश शुरू की और आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना मिली।

मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ग्राम पदुमतरा निवासी सुखनंदन कुर्रे, पिता रोमनाथ कुर्रे, उम्र 36 वर्ष और शत्रुहन भारती, पिता रोमनाथ भारती, उम्र 36 वर्ष को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने रोहित देवांगन के घर में रात के समय चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरात बरामद किए। बरामद सामान को स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जप्ती पत्रक के माध्यम से जब्त किया गया। पुलिस जांच में आरोपियों के खिलाफ अपराध घटित करना पाए जाने पर दोनों को 8 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। ठेलकाडीह पुलिस की इस कार्रवाई से सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोरों के खिलाफ कार्रवाई को बल मिला है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर को लंबे समय के लिए खाली छोड़ते समय आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दें और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करें।
Next Story