छत्तीसगढ़

ट्रेन के एसी कोच में चोरी, यात्रियों के मोबाइल-लैपटाप, पर्स और आभूषण ले उड़े चोर

Nil dhankar
8 Aug 2025 9:04 AM IST
ट्रेन के एसी कोच में चोरी, यात्रियों के मोबाइल-लैपटाप, पर्स और आभूषण ले उड़े चोर
x

रायपुर। मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में इन दिनों चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। पिछले छह महीनों में राजधानी रायपुर स्थित जीआरपी थाने में 100 से अधिक मामलों की एफआइआर दर्ज की गई है, जिनमें से अधिकांश घटनाएं एसी कोच में सफर कर रहे यात्रियों के साथ हुई हैं।

चोर सुनियोजित तरीके से देर रात उस समय वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जब यात्री गहरी नींद में होते हैं। यात्रियों के मोबाइल, लैपटाप, पर्स और आभूषण तक चोरी हो रहे हैं। शिवनाथ एक्सप्रेस, विशाखापत्तन एक्सप्रेस और गीतांजली एक्सप्रेस ऐसी ट्रेनें हैं, जहां चोरी की घटनाएं सबसे ज्यादा दर्ज हुई हैं।

आरपीएफ, जीआरपी और स्पेशल विंग के जवानों द्वारा पेट्रोलिंग का दावा किया जाता है। आरपीएफ के चार से अधिक जवान हमेशा रायपुर से बिलासपुर के बीच पेट्रोलिंग करते हैं। इसके अलावा, आरपीएफ की स्पेशल विंग के जवान भी ट्रेनों में संदिग्धों पर नजर रखने के लिए तैनात होते हैं। जीआरपी भी रात में भाटापारा से दुर्ग के बीच अपने दो जवानों को ट्रेनों में पेट्रोलिंग कराने का दावा करती है। इसके बावजूद, चोर बड़ी वारदातों को अंजाम दे जाते हैं।

Next Story