बंद कोल डिपो में चोरी, गार्ड से मारपीट कर वारदात को दिया अंजाम

बिलासपुर। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कर्रा स्थित हिंद एनर्जी एंड कोल के बंद पड़े कोल डिपो में मंगलवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर केबल, लोहे का सामान और पाइप चोरी कर लिया।
चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट भी की और उसे डराने-धमकाने के बाद सामान लेकर फरार हो गए। डिपो प्रबंधन की ओर से घटना की शिकायत मस्तूरी थाने में की गई है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
मस्तूरी क्षेत्र के कर्रा स्थित हिंद एनर्जी का कोल डिपो पिछले कुछ समय से बंद है। मंगलवार रात कुछ नकाबपोश बदमाश डिपो परिसर में घुस गए और वहां रखे कीमती केबल, लोहे के सामान तथा पाइप को चोरी करने लगे। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्ड की नजर उन पर पड़ गई। गार्ड ने बदमाशों को रोकने और उनकी पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से गार्ड घबरा गया और बदमाश मौके का फायदा उठाकर चोरी का सामान लेकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा गार्ड ने कंपनी प्रबंधन को सूचना दी। सूचना मिलते ही हिंद एनर्जी प्लांट के जीएम सत्यदेव प्रसाद वर्मा मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मस्तूरी थाना पहुंचकर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई तस्वीरचोरी और मारपीट की पूरी घटना डिपो परिसर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। फुटेज में कुछ नकाबपोश व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।





