छत्तीसगढ़
ज्वेलरी दुकान में आग के बाद चोरी, CCTV में बोरे ले जाते दिखे संदिग्ध
Shantanu Roy
25 Sept 2026 10:40 PM IST

x
छग
Durg. दुर्ग। भिलाई के जवाहर मार्केट स्थित सोनार लाइन में गजानन ज्वेलर्स में भीषण आग लगने के बाद चोरी का मामला सामने आया है। आग बुझने के बाद दुकान से सुरक्षित निकाले गए सोने-चांदी के डिजाइन काटने वाली डाई, औजार और अन्य सामान को बोरों में रखकर एक तरफ किया गया था। आरोप है कि बाद में संदिग्ध इन बोरों को लेकर चले गए। पूरी घटना दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। चोरी गए सामान की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घटना 21 सितंबर की रात करीब 2:40 बजे की है। जवाहर मार्केट की सोनार लाइन स्थित गजानन ज्वेलर्स में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैली और कुछ ही समय में दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दुकान का शटर भी गिर गया। रात में तैनात गार्ड ने दुकान से आग की लपटें उठती देखीं तो तत्काल फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। बताया गया कि करीब 3:13 बजे पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई थी। तब तक आग काफी फैल चुकी थी। आग के कारण आसपास की दुकानों को भी खतरा पैदा हो गया था। सामने स्थित शोरूम के बिजली मीटर और पास के कपड़े के गोदाम तक आग पहुंचने की आशंका बनी हुई थी। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया।
घटना में गजानन ज्वेलर्स को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग से करीब 25 से 30 लाख रुपये के नुकसान की बात सामने आई है। आग पर काबू पाने के बाद दुकान में बचे सामान को व्यवस्थित करने का काम किया गया। बताया जा रहा है कि आग के बाद दुकान से सोने-चांदी के डिजाइन काटने में इस्तेमाल होने वाली डाई, विभिन्न औजार और अन्य सामान निकालकर बोरों में रखा गया था। इन बोरों को एक स्थान पर सुरक्षित रखे जाने की बात कही गई है।
इसके बाद सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया गया है। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 6:15 बजे एक संदिग्ध दो बोरे लेकर जाता दिखाई दिया। इसके बाद सुबह 7:47 बजे तीन बोरे ले जाते हुए देखा गया। वहीं करीब 8:30 बजे एक स्कूटी से एक अन्य युवक के साथ तीन बोरे ले जाने की तस्वीरें भी सीसीटीवी में कैद हुई हैं। आरोप है कि आगजनी के बाद पैदा हुई अफरा-तफरी का फायदा उठाकर बोरों में रखा सामान चोरी कर लिया गया। बोरों में रखी डाई, औजार और अन्य सामान की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आग से हुए नुकसान के साथ दुकान से सामान चोरी होने के आरोप के बाद कारोबारी को दोहरा नुकसान हुआ है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
Next Story





