छत्तीसगढ़
सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, 3 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल जब्त
Shantanu Roy
30 Oct 2026 2:14 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के डी.डी. नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डंगनिया में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, छह घड़ियां और वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में दो का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डंगनिया निवासी स्वरोचिष मिश्रा ने डी.डी. नगर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।
प्रार्थी ने बताया कि 22 अक्टूबर 2026 की रात वह अपने मकान में ताला लगाकर किसी काम से बाहर गया था। अगले दिन 23 अक्टूबर की सुबह जब वह घर लौटा तो मकान के सभी दरवाजों के ताले टूटे हुए मिले। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कमरे में रखी अलमारी का दरवाजा तथा लॉकर भी टूटा हुआ था। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिले। शिकायत के आधार पर डी.डी. नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 676/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुरिया ने संबंधित अधिकारियों को आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने पूर्व में चोरी और नकबजनी के मामलों में शामिल रहे लोगों तथा हाल ही में जेल से रिहा हुए संदिग्धों की गतिविधियों पर भी नजर रखी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मोतीनगर टिकरापारा निवासी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी को कुछ लोगों के साथ वारदात वाली रात घटनास्थल के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखा गया था।
पूछताछ में तीन आरोपियों की संलिप्तता का खुलासा
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथी शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी (18 वर्ष 3 माह), निवासी भैरव नगर मोतीनगर, शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ (19 वर्ष), निवासी मोतीनगर और परमेश्वर निर्मलकर उर्फ बाबा (20 वर्ष), निवासी जाली फैक्ट्री रोड मोतीनगर के रूप में हुई है।
1.50 लाख का सामान जब्त, दो आरोपी पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, छह घड़ियां और घटना में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LU 4432 जब्त की है। बरामद सामग्री और वाहन की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी यशवंत उर्फ लक्की दास मानिकपुरी पूर्व में टिकरापारा थाना क्षेत्र के लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं शेख मोसिन उर्फ अल्ताफ भी चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े प्रकरणों में जेल निरुद्ध रह चुका है। तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई को सूने मकानों में चोरी करने वालों के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
Next Story





