छत्तीसगढ़

दीपावली की रात लक्ष्मी पूजा के घर में चोरी, एक घंटे में पकड़े गए दो आरोपी

SHIDDHANT
9 Nov 2026 7:28 PM IST
दीपावली की रात लक्ष्मी पूजा के घर में चोरी, एक घंटे में पकड़े गए दो आरोपी
x
छग
रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में दीपावली की रात घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के एक घंटे से भी कम समय में दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और 47 हजार रुपये नगद सहित लगभग 2.97 लाख रुपये का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना नया मंगल बाजार की है। दीपावली पर्व पर प्रार्थिया ने लक्ष्मी पूजन के दौरान अपने सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम पूजा घर में रखी थी। आस्था के चलते पूजा घर का दरवाजा खुला रखा गया था। इसी दौरान आरोपियों ने घर में प्रवेश किया और वहां रखे कीमती आभूषण तथा नगदी चोरी कर फरार हो गए।
घटना के दौरान प्रार्थिया के पति रात में बाथरूम जाने के लिए उठे थे। इसी समय उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से चोरी कर जाते हुए देखा। इसके बाद प्रार्थिया ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 522/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के नेतृत्व में एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र साहू की टीम तथा ACCU की टीम ने तत्काल जांच शुरू की। प्रार्थिया के पति द्वारा बताए गए संदिग्ध के हुलिए के आधार पर आसपास के व्यक्तियों की पतासाजी की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई और पुलिस ने एक घंटे से भी कम समय में उन्हें हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नयन राजपूत (24), निवासी बच्चन चौक, कुंदरापारा और आर्यन चौहान (19), निवासी कलिंग नगर, गुढ़ियारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 2.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 47 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। नयन के खिलाफ चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के चार मामले, जबकि आर्यन के खिलाफ लूट और आईटी एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान घर में रखे कीमती आभूषण और नगदी सुरक्षित स्थान पर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
Next Story