छत्तीसगढ़

ट्रैफिक जवान को अभद्र गाली देकर भागा युवक, पुलिस ने पकड़ा

Shantanu Roy
24 July 2022 3:11 PM GMT
ट्रैफिक जवान को अभद्र गाली देकर भागा युवक, पुलिस ने पकड़ा
x
छग

बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के राजकिशोर नगर में रहने वाला युवक ट्रैफिक जांच के दौरान जवानों को गालियां देकर भाग जाता था। पकड़ने का प्रयास करने पर वह जवानों पर बाइक चढ़ाने का प्रयास भी करता। इससे बचने के लिए जवान हटते तो वह भाग निकलता था। बीते पांच दिनों से यह घटना रोज हो रही थी। इससे यातायात के जवान परेशान थे। वहीं, आसपास के लोग इसका मजा लेते थे। शनिवार की सुबह जवानों ने युवक को पकड़कर सरकंडा पुलिस के हवाले कर दिया। आरक्षक की शिकायत पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

यातायात थाने में पदस्थ आरक्षक विजय कुमार साहू ने मामले की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि यातायात के जवान मोपका पेट्रोल पंप के पास चेकिंग पाइंट लगाकर जांच कर रहे थे। यहां पर वाहनों के दस्तावेज की जांच की जा रही थी। बीते पांच दिनों से एक युवक यहां से गुजरते हुए यातायात के जवानों को गालियां देता था। जवान उसे पकड़ने का प्रयास करते तो वह तेजी से अपनी बाइक चलाते हुए भाग निकलता था। एक बार उसने आरक्षक पर बाइक चढ़ाने की कोशिश भी की।
इससे बचने के लिए सड़क से हटने पर युवक वहां से भाग निकला। शनिवार की सुबह भी यातायात के जवान अपनी ड्यूटी पर थे। इस दौरान भी उसने अपनी हरकतों को दोहराया। मौके पर मौजूद आरक्षकों ने उसे किसी तरह पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान ग्वालियर निवासी विपित शर्मा के रूप में हुई। वह यहां पर काफी समय से रह रहा है। जवानों ने युवक को सरकंडा पुलिस के हवाले कर दिया है। युवक के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, दुर्घटना के प्रयास और गाली-गलौज का मामला दर्ज किया गया है।
आसपास के लोग लेते थे मजा
बीते पांच दिनों से युवक रोज पुलिसकर्मियों को परेशान करता था। वह जवानों को गालियां देकर भाग जाता था। इधर पुलिसकर्मी उसे देखते रह जाते थे। इसे देख वहां पर मौजूद लोग पुलिसकर्मियों का मजा लेते थे। रोज होने वाली इस घटना से पुलिसकर्मी भी परेशान हो गए थे।
Next Story