हत्या कर थाने पहुंचा युवक, दो फिट गड्ढे से निकाली गई महिला की लाश
![हत्या कर थाने पहुंचा युवक, दो फिट गड्ढे से निकाली गई महिला की लाश हत्या कर थाने पहुंचा युवक, दो फिट गड्ढे से निकाली गई महिला की लाश](https://jantaserishta.com/h-upload/2022/08/24/1928879-untitled-26-copy.webp)
रायगढ़। कोतरारोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कलमीडीपा में युवक ने पत्नी की हत्या कर शव को खेत में दफना दिया। इसके बाद पकड़े जाने के डर से आरोपित खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उनके पत्नी द्वारा आए दिन विवाद किए जाने के कारण हत्या करने की बात कही। आरोपित की बातें सुनकर पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया। इसके बाद न्यायिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में कब्र खोदकर शव बाहर निकला गया।
पुलिस के अनुसार सोनू सोनवानी 37 वर्ष ग्राम कलमी का रहने वाला है। वह रोजी-मजदूरी करता है। कुछ साल पहले उसकी जान-पहचान शांति नामक महिला से हुई। दोनों के बीच नजदीकी बढ़ती। कुछ दिनों बाद मेल-मिलाप प्रेम-प्रसंग में बदल गया। इसके बाद दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। सोनू ने पुलिस को बताया कि शांति उस पर शादी कर अपने घर में रखने का दवाब बनाने लगी। तब वह शांति के साथ किराए के एक मकान में रहने लगा। इस दौरान उनका एक बच्चा भी हुआ। धीरे-धीरे महिला की अपेक्षाएं बढ़ने लगी और वह कई तरह की मांग करने लगी। इससे युवक विगत चार-पांच माह से मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। इस वजह से दोनों के रिश्ते में खटास आने लगी और आए दिन झगड़ा होने लगा।
सोमवार रात फिर दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इससे आक्रोशित होकर सोनू ने गला-दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद महिला के शव को रात में ही खेत लाकर दफना दिया। इसके बाद सुबह करीब नौ बजे वह कोतरारोड थाना पहुंचा और अपने करतूत की जानकारी देते हुए आत्मसमर्पण किया। थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी और न्यायिक दंडाधिकारी से आगे की जांच व विवेचना की अनुमति मांगी। फिर पुलिस आरोपित के साथ घटनास्थल पर पहुंची। यहां न्यायिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में शव को कब्र से निकाला गया। आरोपित को पुलिस ने हिरासत में लिया गया है।