छत्तीसगढ़

मायके पहुंची महिला का नकाबपोशों ने किया अपहरण, किसी तरह चंगुल से भागी पीड़िता

Nil dhankar
26 Sept 2022 8:46 AM IST
मायके पहुंची महिला का नकाबपोशों ने किया अपहरण, किसी तरह चंगुल से भागी पीड़िता
x

बिलासपुर। चकरभाठा क्षेत्र में 42 वर्ष की महिला को बाइक सवार दो नकाबपोशों ने उस वक्त अगवा कर लिया जब वह घर से करीब 100 मीटर दूर शौच के लिए निकली थी। रास्ता पूछने के बहाने उसे गाड़ी में बिठाकर जंगल की ओर ले गए और शराब पिलाने की कोशिश की। महिला किसी तरह उनके चंगुल से भाग निकली और जंगल में छिप गई। उसने मोबाइल से 112 को फोन किया। पुलिस उसे रातभर ढूंढती रही पर वह डर के कारण बाहर नहीं निकली। सुबह जंगल से बाहर आई।

महिला पितर विसर्जन के लिए मायके आई थी। शाम 7 बजे वह घर से शौच के लिए निकली। रास्ते में उसे बाइक सवार दो नकाबपोश युवक मिले। उन्होंने उसे अपनी बाइक में बिठा लिया और साथ लेकर चले गए। काफी दूर उसे खेतों के बीच झाड़ियों में ले जाकर उतारा। दोनों उसके साथ दुष्कर्म करना चाहते थे। अगवा करने वाले नशे में धुत थे। उन्होंने शराब की बोतल निकाली और पीना शुरू किया। महिला को भी शराब पीने के लिए कहा पर उसने मना कर दिया। दोनों युवक आपस में बातचीत कर रस्सी में बांधकर उसे शराब पिलाने की योजना बना रहे थे।

इसी बीच महिला चकमा देकर वहां से भाग निकली। युवक ने उसका पीछा किया पर अंधेरे का फायदा उठाकर वह एक खेत के मेढ़ में छिप गई। महिला के पास मोबाइल था, उसने 112 में फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कांस्टेबल राजेश श्रीवास व ड्राइवर दुर्गेश ठाकुर ने उसकी खोजबीन शुरू की। महिला काफी दूर निकल जाने के कारण रास्ता भटक गई थी इसलिए वह ठीक से लोकेशन नहीं बता पा रही थी। चकरभाठा पुलिस भी उसे रातभर ढूंढती रही। महिला ने पूरी रात जंगल में ही बिताया।


Next Story