छत्तीसगढ़

पुलिस अफसरों पर महिला आरक्षक ने लगाया गंभीर आरोप, कलेक्टर ने गठित की जांच कमेटी

Nil dhankar
19 May 2023 12:53 PM IST
पुलिस अफसरों पर महिला आरक्षक ने लगाया गंभीर आरोप, कलेक्टर ने गठित की जांच कमेटी
x
छग

कांकेर। जिले में महिला पुलिस आरक्षक पद्मिनी साहू ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आत्मदाह करने की धमकी दी है। इधर पुलिस अधिकारियों ने भी महिला आरक्षक पर अनुशासनहीनता के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने मामले में जांच कमेटी गठित कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, महिला आरक्षक पद्मिनी साहू कार्यालय कांकेर में महिला प्रकोष्ठ में कार्यरत है। एडिशनल एसपी रत्ना सिंह ने बताया कि उसके खिलाफ लगातार अनुशासनहीनता और कार्य में लापरवाही का मामला सामने आ रहा था। पुलिस अधिकारियों ने ये शिकायत भी की थी कि अपनी मर्जी करते हुए पद्मिनी साहू ने एक साथ 4 दिन की उपस्थिति रजिस्टर में लगा दी और फिर ड्यूटी से गायब हो गई। जब उसकी ये चोरी पकड़ी गई, तो उसे विभाग ने नोटिस जारी किया।

एडिशनल एसपी रत्ना सिंह ने बताया कि महिला आरक्षक को नोटिस जारी करने के बाद उसने अपने अधिकारियों और एक महिला सहकर्मी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला आरक्षक ने कलेक्टर से शिकायत करते हुए 19 मई को आत्मदाह करने की धमकी दी है, जिसके बाद कलेक्टर ने जांच कमेटी गठित कर दी है। महिला आरक्षक पद्मिनी साहू ने अधिकारियों पर गंदी नीयत रखने का भी आरोप लगाया है। उसने अपने ज्ञापन में लिखा है कि वो अविवाहित है और उस पर पुलिस विभाग के कई अधिकारी गंदी नजर रखते हैं। जब उसने उनकी डिमांड को पूरा नहीं किया, तो अब उसे प्रताड़ित कर रहे हैं, इन सबसे तंग आकर वो 19 मई को कलेक्टर कार्यालय परिसर में आत्मदाह करना चाहती है, इसके लिए अनुमति दें।


Next Story