छत्तीसगढ़

अस्पताल लेकर पहुंचे युवक ही निकले हत्या के आरोपी, 48 घंटे में खुलासा

Shantanu Roy
12 Sept 2026 6:26 PM IST
अस्पताल लेकर पहुंचे युवक ही निकले हत्या के आरोपी, 48 घंटे में खुलासा
x
छग
Mahasamund. महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र की भंवरपुर चौकी अंतर्गत ग्राम बड़े साजापाली में परदेशी यादव की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक जिन दो युवकों ने परदेशी यादव को मोटरसाइकिल से अस्पताल पहुंचाया था, जांच के बाद उन्हीं की भूमिका हत्या में सामने आई। पुलिस ने मनोहर कोसरिया और भानूप्रताप लहरे को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर कथित रूप से खून लगे कपड़े और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार 10 सितंबर को भंवरपुर चौकी को अस्पताल से एक मेमो मिला था। सूचना के बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि दो युवक परदेशी यादव को मोटरसाइकिल से अस्पताल लेकर आए थे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शरीर पर मिले चोट के कई निशान
मामला उस समय संदिग्ध हो गया, जब शव की जांच में परदेशी के शरीर पर चोट के कई निशान मिले। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम में मौत को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका सामने आने के बाद जांच तेज कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। फोरेंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए गए। मृतक के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ करने के साथ घटना से पहले उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई गई।
शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद
जांच में पुलिस को पता चला कि घटना से कुछ समय पहले परदेशी यादव, मनोहर कोसरिया और भानूप्रताप लहरे एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर परदेशी द्वारा मनोहर की पत्नी के साथ छेड़छाड़ किए जाने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। पुलिस के अनुसार विवाद बढ़ने पर मनोहर ने परदेशी के साथ हाथ-मुक्कों और लात से मारपीट शुरू कर दी। गंभीर चोट लगने से परदेशी जमीन पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद भी उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। इसके बाद मनोहर और भानूप्रताप कथित तौर पर परदेशी को मोटरसाइकिल से अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
खून लगे कपड़े गड्ढे में छिपाने का आरोप
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में परदेशी के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई। घटना के दौरान आरोपियों के कपड़ों पर खून लगने की जानकारी भी पुलिस को मिली। आरोप है कि घटना के बाद पुलिस से बचने के लिए खून लगे कपड़ों को भंवरपुर स्थित शासकीय अस्पताल के सामने एक गड्ढे में छिपा दिया गया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कपड़ों को बरामद किया। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 492/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) में प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 37 वर्षीय मनोहर कोसरिया निवासी बड़े साजापाली और 37 वर्षीय भानूप्रताप लहरे निवासी कुदरीपारा, बांकी मोंगरा के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब फोरेंसिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जब्त सामग्री के आधार पर मामले में आगे की विवेचना कर रही है।
Next Story