फंसे हाथी को चट्टानों से निकाला गया, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथी का शावक गड्ढे में गिरकर चट्टानों के बीच फंस गया। इससे वह बाहर नहीं निकल सका। ऐसे में रात भर हाथियों का झुंड जंगल में मदद के लिए चिंघाड़ते रहा। सुबह सूचना मिलने पर वन अमला मौके पर पहुंचा। टीम ने रेस्क्यू कर शावक को बाहर निकाला और उसे झुंड में मां से मिलाया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की रात तकरीबन 2-3 बजे बाकारूमा रेंज के जामबीरा बीट के जंगल में 25 और दूसरा 15 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। तभी 25 हाथियों के दल का एक शावक अचानक गड्ढे में गिर गया और चट्टानों के बीच फंस गया। इसके बाद वह निकलने की काफी कोशिश करता रहा, लेकिन बाहर नहीं निकल सका। शावक के साथ ही हाथियों का झुंड मदद के लिए चिंघाड़ते रहा। सुबह तक उनकी आवाज जंगल से आ रही थी।
जिसके बाद तत्काल DFO, SDO के निर्देश पर वन अमला ने रेस्क्यू शुरू किया। 20-25 वनकर्मी समेत हाथी मित्र दल चट्टानों के बीच शावक के बाहर निकलने के लिए रास्ता बनाने लगे। करीब 1 घंटे के रेस्क्यू के बाद शावक को बाहर निकाल लिया गया।





