तस्करों ने वनपाल और बीट गार्ड को बेरहमी से पीटा, जंगल में घंटों बनाए थे बंधक

कोरबा। जिले में 8-10 लकड़ी तस्करों ने मिलकर 3 वनकर्मियों की पिटाई की है। जोगीपाली गांव के मुड़धोवा पतरा क्षेत्र में 15 नवंबर को वनकर्मियों की सर्चिंग ड्यूटी लगी थी। जहां क्षेत्र में पहले से मौजूद लकड़ी तस्करों ने वनकर्मियों को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की।
मामला करतला वन परिक्षेत्र का है। तस्कर जान से मारने की धमकी देकर वनकर्मियों को जबरन गाड़ी में बिठाकर गांव ले गए, जहां उनके मोबाइल भी लूट लिए गए। इस मामले में एक दर्जन से अधिक तस्करों के खिलाफ करतला थाने में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मारपीट में तीनों वनकर्मी घायल हुए है।
जानकारी के अनुसार, बीते पखवाड़े भर से करतला वन परिक्षेत्र में 38 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। इनकी निगरानी के लिए रामपुर के वनपाल चमरू सिंह कंवर और बीट गार्ड गजाधर सिंह राठिया की ड्यूटी लगाई गई थी। 15 नवंबर की रात वे हाथियों की निगरानी कर रहे थे, तभी उन्हें रामपुर परिसर के कक्ष क्रमांक ओए 1464 मुड़धोवा पतरा, ग्राम जोगीपाली में जंगल से अवैध कटाई की सूचना मिली।
मौके पर पहुंचने पर वनकर्मियों ने जंगल से आ रहे एक ट्रैक्टर को रोका। तलाशी लेने पर ट्रैक्टर की ट्रॉली में साल के तीन लट्ठे लदे मिले। ट्रैक्टर में जोगीपाली के मनाराम पटेल, अंकुश पटेल सहित 8-10 अन्य लोग सवार थे। ट्रैक्टर रुकते ही तस्करों ने वनकर्मियों से विवाद शुरू कर दिया। उन्होंने वनकर्मियों के मोबाइल छीन लिए, गाली-गलौज की और लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी व मुक्कों से हमला कर दिया।





