छत्तीसगढ़

लूटेरे ने किया वृद्धा का मर्डर, कान और गले के आभूषण लेकर फरार

Nilmani Pal
23 March 2023 7:27 AM GMT
लूटेरे ने किया वृद्धा का मर्डर, कान और गले के आभूषण लेकर फरार
x
खून से लथपथ मिली लाश

राजनांदगांव। घुमका क्षेत्र के करेला में एक 65 वर्षीय वृद्धा की जघन्य हत्या का मामला सामने आया है। वारदात के बाद कातिल ने वृद्धा के कान और गले के आभूषण भी लूट लिए। पुलिस का कहना है कि मृतिका अकेले घर मेंं थी। कातिल ने इसी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक करेला की रहने वाली सोहद्रीबाई की लाश खून से लथपथ घर पर मिली। बुधवार को मृतिका का भतीजा कार्तिक घर पहुंचा। आवाज लगाने पर किसी तरह की हलचल नहीं हुई। दरवाजा नहीं खोलने के बाद मृतिका का भतीजा पीछे दीवार लांघकर अंदर दाखिल हुआ और उसने सोहद्रीबाई को खून से लथपथ हालत में देखा। भतीजा ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। ग्रामीणों को भी मृतिका के भतीजे ने वारदात की खबर दी।

पुलिस के पहुंचने के बाद मृतिका के आभूषण गायब होने की जानकारी मिली। वृद्धा कान और गले में आभूषण पहनी हुई थी, जिसे अज्ञात आरोपी ने लूट लिया। घुमका थाना प्रभारी संतोष भुआर्य ने बताया कि मृतिका घर में अकेली रहती थी। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात हत्यारे ने घटना को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि मृतिका का पति छुईखदान क्षेत्र में निवासरत है। मृतिका दूसरी पत्नी के तौर पर गांव में रहती थी। पहली पत्नी की मौत होने के कारण मृतिका का पति बच्चों के साथ छुईखदान से आना-जाना करता था। बहरहाल पुलिस को कातिल की तलाश है। अज्ञात आरोपी की खोजबीन में पुलिस जुटी हुई है।


Next Story