
x
छत्तीसगढ़
Balodabazar बलौदाबाजार। रास्ते में साइड नहीं देने की मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी थाना क्षेत्र में दो सगे भाइयों ने एक युवक के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए बांस के डंडे और मुक्कों से जानलेवा हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, जिले में हिंसात्मक गतिविधियों, मारपीट और गुंडागर्दी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना पलारी पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई की।
मामले की शुरुआत 2 सितंबर 2026 को हुई, जब ग्राम भरूवाड़ीह निवासी यशवंत धृतलहरे उम्र 30 वर्ष ने थाना पलारी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि वह अपनी मोटरसाइकिल से खमरिया सेलून की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही गौरव बंजारे और गोपाल बंजारे ने साइड नहीं देने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों भाइयों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक के साथ अश्लील गाली-गलौज की और फिर हाथ-मुक्कों तथा बांस के डंडे से हमला कर दिया।
हमले में युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने थाना पलारी पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 358/2026 दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 117(2), 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पलारी पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के सामने पीड़ित की खून लगी टी-शर्ट जब्त की। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया खून लगा बांस का डंडा भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल बंजारे पिता संतोष बंजारे उम्र 18 वर्ष 6 दिन और गौरव बंजारे पिता संतोष बंजारे उम्र 19 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम भरूवाड़ीह थाना पलारी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 3 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story





