छत्तीसगढ़

धान के कटोरे की वैश्विक उड़ान! स्पेन में अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग पर महत्वपूर्ण चर्चा; छत्तीसगढ़ के इन चावलों पर फोकस

Shubhra Nandy
26 Nov 2026 11:44 AM IST
धान के कटोरे की वैश्विक उड़ान! स्पेन में अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग पर महत्वपूर्ण चर्चा; छत्तीसगढ़ के इन चावलों पर फोकस
x
अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग की तैयारी
रायपुर : छत्तीसगढ़ के खेतों में पैदा होने वाले पारंपरिक सुगंधित चावलों की महक अब दुनिया के बड़े व्यापारिक मंचों तक पहुंचाने की तैयारी है। जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसी विशिष्ट धान की किस्मों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने के लिए प्रदेश ने महत्वपूर्ण पहल की है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने बार्सिलोना में अंतरराष्ट्रीय व्यापार और प्रदर्शनी से जुड़ी संस्था फिरा बार्सिलोना के प्रतिनिधियों के साथ व्यावसायिक चर्चा की। इस पहल से प्रदेश के किसानों, कृषि उद्यमियों, किसान उत्पादक संगठनों और निर्यातकों के लिए विदेशी बाजारों तक पहुंच बनाने तथा अपनी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
धान के कटोरे के नाम से प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ की पहचान अब केवल धान उत्पादन तक सीमित नहीं रहे, बल्कि प्रदेश के विशेष कृषि उत्पाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रतिष्ठित ब्रांड के रूप में स्थापित हों, इसी उद्देश्य से वैश्विक विपणन की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने फिरा बार्सिलोना संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, कृषि संचालक राहुल देव और भारत की काउंसल जनरल भी उपस्थित रहीं।
बैठक में छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग, वैश्विक प्रदर्शनियों में सहभागिता, विदेशी खरीदारों से व्यावसायिक संपर्क और यूरोपीय बाजारों में निर्यात की संभावनाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। फिरा बार्सिलोना के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रदेश के पारंपरिक सुगंधित चावलों और अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने में सहयोग की बात कही।
यह संस्था विभिन्न देशों और राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक मंच उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करती है। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के साथ समन्वय के बाद अब छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादकों के लिए भी विदेशी खरीदारों से जुड़ने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
जीआई टैग वाले चावलों को मिल सकती है वैश्विक पहचान
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी प्राकृतिक खुशबू, विशिष्ट स्वाद और गुणवत्ता के कारण अलग पहचान रखते हैं। प्रदेश के जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक यानी जीआई टैग भी प्राप्त है। यह पहचान इन चावलों की क्षेत्रीय विशिष्टता और पारंपरिक कृषि विरासत को दर्शाती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन उत्पादों की प्रभावी ब्रांडिंग से उनकी व्यावसायिक मांग बढ़ने की संभावना है। विदेशी खरीदारों तक सीधी पहुंच बनने से किसानों को अपनी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।
किसानों और कृषि उद्यमियों के लिए नए अवसर
अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों की भागीदारी बढ़ने से किसान उत्पादक संगठनों (FPO), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को नए व्यावसायिक अवसर मिल सकते हैं। आधुनिक पैकेजिंग, गुणवत्ता मानकों, उत्पादों की ब्रांडिंग और अंतरराष्ट्रीय विपणन के माध्यम से प्रदेश की कृषि उपज का मूल्य संवर्धन किया जा सकेगा। इससे कृषि आधारित उद्यमों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है।
वर्ष 2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन कृषि उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं का विस्तार कर रहा है। छत्तीसगढ़ शासन की निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ऐसे में स्पेन के बार्सिलोना में हुई व्यावसायिक चर्चा इस लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक संस्थाओं के साथ समन्वय बढ़ने से छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को विदेशी बाजारों में पहचान बनाने का अवसर मिल सकता है। धान के कटोरे से वैश्विक व्यापार तक की यह पहल केवल कृषि निर्यात बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की समृद्ध कृषि विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने और किसानों की मेहनत को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।
छत्तीसगढ़ के इन सुगंधित चावलों पर विशेष फोकस
जीराफूल-पारंपरिक सुगंधित चावल, जीआई टैग प्राप्त
जवाफूल- विशिष्ट खुशबू और स्वाद
नगरी दुबराज- सुगंधित चावल, जीआई टैग प्राप्त
कालीमूंछ- पारंपरिक सुगंधित चावल
Next Story