छत्तीसगढ़

स्वस्थ छत्तीसगढ़ का संकल्प हो रहा पूरा: मंत्री जायसवाल

Shantanu Roy
25 May 2025 8:32 PM IST
स्वस्थ छत्तीसगढ़ का संकल्प हो रहा पूरा: मंत्री जायसवाल
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की सेवा और उनके स्वास्थ्य की बेहतरी के लिए चलाई जा रही "प्रधानमंत्री आयुष्मान वय-वंदना" योजना के अंतर्गत राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में राज्य ने इस योजना के क्रियान्वयन में देशभर में 5वां स्थान प्राप्त किया है। इस योजना का उद्देश्य 70 वर्ष या इससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना है। इसके लिए प्रत्येक पात्र नागरिक को आयुष्मान वय-वंदना कार्ड प्रदान किया जा रहा है, जिसके माध्यम से वे सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज का लाभ उठा सकते हैं। बैनर में दिए गए आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ में अब तक 3 लाख 65 हजार 116 वरिष्ठ नागरिकों को वय-वंदना कार्ड प्रदान किया जा चुका है।
योजना के अंतर्गत निःशुल्क इलाज की सुविधा बुजुर्गों के लिए एक महत्वपूर्ण राहत बनकर सामने आई है। केंद्र सरकार की तरफ से दिए गए डाटा में छत्तीसगढ़ का स्थान शीर्ष पांच राज्यों में शामिल है। उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, केरल और गुजरात जैसे बड़े राज्यों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए छत्तीसगढ़ ने अपनी
दक्षता
और तत्परता का परिचय दिया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की सेवा हमारा कर्तव्य ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति का भी हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर पहुंचाने का जो सपना देखा गया है, वह अब छत्तीसगढ़ में साकार हो रहा है।" इस योजना की सफलता के पीछे समर्पित प्रशासनिक तंत्र, योजनाओं की निगरानी और जन-जागरूकता अभियानों की बड़ी भूमिका है।
Next Story