छत्तीसगढ़

बाल-बाल बचे पुलिसवाले, तेज रफ्तार ट्रेलर ने पेट्रोलिंग वाहन को मारी ठोकर

Nilmani Pal
4 July 2022 12:15 PM GMT
बाल-बाल बचे पुलिसवाले, तेज रफ्तार ट्रेलर ने पेट्रोलिंग वाहन को मारी ठोकर
x

बिलासपुर। हाइवे में ट्रेलर दुर्घटना ग्रस्त हो गया। इससे ट्रेलर में भरा कोयला सड़क में बिखर गया था। इसके कारण एक स्कूटी सवार गिरकर घायल भी हो गया। मौके पर पहुंची यातायात पुलिस की पेट्रोलिंग टीम वहां पर सुरक्षा घेरा लगवा रही थी। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर के चालक ने पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में पेट्रोलिंग वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी बाल-बाल बच गए। पेट्रोलिंग वाहन के ड्राइवर ने इसकी शिकायत कोनी थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर ट्रेलर के चालक की तलाश कर रही है।

यातायात थाने में पदस्थ आरक्षक महेंद्र कुमार की ड्यूटी हाइवे पेट्रोलिंग में है। वे पेट्रोलिंग वाहन को दो महीने से चला रहे हैं। रविवार की रात उनकी ड्यूटी लोखंडी से कर्रा हाइवे में थी। रविवार की रात दो बजे गतौरी स्थित वृंदावन ग्रींस के पास एक कोयले से भरा एक ट्रेलर क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें भरा कोयला हाइवे में बिखर गया था। सड़क पर बिखरे कोयले की वजह से एक स्कूटी सवार भी गिरकर घायल हो गया था। इसकी सूचना पर पेट्रोलिंग की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने घायल स्कूटी सवार को उठाकर किनारे किया। साथ ही दुर्घटना ग्रस्त ट्रेलर के पास सुरक्षा घेरा लगवा रहे थे। इसी दौरान सेंदरी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक सीजी 22 वी 4590 के ड्राइवर ने पेट्रोलिंग वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में पेट्रोलिंग वाहन का चक्का फट गया। वाहन पलटकर सड़क से उतर गया। हादसे के दौरान वाहन में कोई पुलिसकर्मी सवार नहीं था। सभी सड़क पर खड़े थे। इसके कारण उनकी जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद पुलिसकर्मी जब तक कुछ समझ पाते ट्रेलर का चालक वहां से फरार हो गया। पेट्रोलिंग वाहन के ड्राइवर ने मामले की शिकायत कोनी थाने में की है। इस पर जुर्म दर्ज कर ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना कारित ट्रेलर को जब्त कर लिया है।


Next Story