छत्तीसगढ़

जागरूक शिक्षक जागरूक विद्यार्थी सुरक्षित समाज का पुलिस ने दिया संदेश

Shantanu Roy
5 Sept 2026 5:31 PM IST
जागरूक शिक्षक जागरूक विद्यार्थी सुरक्षित समाज का पुलिस ने दिया संदेश
x
छग
Khairagarh. खैरागढ़। शिक्षक दिवस के अवसर पर पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष पहल की। साइबर जागृति अभियान के चौथे सप्ताह के तहत जिलेभर में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न स्कूलों में पहुंचे, जहां शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी अधिकारियों के कॉल और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए गए। इस दौरान शिक्षकों को ‘साइबर शिक्षक’ बनकर जागरूकता का संदेश समाज के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्हें बताया गया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं। कई मामलों में खुद को पुलिस, बैंक, सरकारी विभाग या दूसरी संस्था का अधिकारी बताकर फोन किया जाता है और डर या लालच दिखाकर व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाती है। पुलिस ने लोगों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर ठगी के नए तरीकों के संबंध में भी जानकारी दी गई।

‘मैं हूं साइबर शिक्षक’ पहल से जोड़े शिक्षक
साइबर जागृति अभियान के दौरान ‘मैं हूं साइबर शिक्षक’ पहल भी चलाई गई। इसके तहत शिक्षकों और अन्य नागरिकों ने सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। इस पहल का उद्देश्य साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और अभियान में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना है। पुलिस ने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बारे में भी जागरूक करें। विद्यार्थी इंटरनेट और सोशल मीडिया का लगातार उपयोग करते हैं, ऐसे में उन्हें संदिग्ध लिंक, अनजान कॉल, फर्जी संदेश और ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों की जानकारी होना जरूरी है।

शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का किया सम्मान
अभियान के साथ शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान भी किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार डांडे ने विक्टोरिया हाई स्कूल के प्राचार्य अनुराग से मुलाकात कर उनका सम्मान किया और साइबर सुरक्षा का संदेश आगे बढ़ाने का आग्रह किया। इसी क्रम में एसडीओपी खैरागढ़ आशा रानी ने शिक्षक संजय श्रीवास्तव से मुलाकात कर शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और सम्मान किया। एसडीओपी गंडई मानक राम कश्यप ने भी क्षेत्र के शिक्षक से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा पूरे जिले में प्राथमिकता के आधार पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसका उद्देश्य केवल विद्यार्थियों तक जानकारी पहुंचाना नहीं, बल्कि शिक्षकों को इस अभियान से जोड़कर उनके माध्यम से परिवारों और समाज तक साइबर सुरक्षा की जानकारी पहुंचाना भी है।

साइबर ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन करते समय सतर्क रहें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करें और फोन पर मांगी गई बैंकिंग या निजी जानकारी साझा करने से बचें। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। पुलिस ने ‘जागरूक शिक्षक, जागरूक विद्यार्थी, सुरक्षित समाज’ का संदेश देते हुए कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है।
Next Story