
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के रोजगार एवं प्रशिक्षण संचालक हेमंत रमेश नंदनवार ने आज शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), माना-कैम्प (रायपुर) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान की विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण व्यवस्था, कक्षाओं, कार्यशालाओं तथा टूल्स व मशीनरियों की कार्यशीलता का जायजा लिया।
संचालक श्री नंदनवार ने प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि वे अपने तकनीकी ज्ञान और टीचिंग स्किल्स को लगातार अपडेट करें। उन्होंने शिक्षण में डिजिटल लर्निंग, पीपीटी और वीडियो सामग्री के अधिकतम उपयोग पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षणार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर मशीनों के लाइव प्रदर्शन और पर्याप्त प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) प्रशिक्षण से जोड़ा जाए।
श्री नंदनवार ने सभी तकनीकी ट्रेडों के युवाओं को स्थानीय उद्योगों में औद्योगिक भ्रमण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्रियल एक्सपोजर से युवाओं को वास्तविक कार्यप्रणाली और उवकमतद तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा, जिससे उनमें स्वरोजगार, अप्रेंटिसशिप और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को परिसर में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही, अधिकारियों को संस्थान की कमियों का समयबद्ध निराकरण करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर प्रशिक्षण को अधिक रोजगारपरक बनाने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान संयुक्त संचालक आर.बी. तिवारी सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Next Story





