छत्तीसगढ़

आमापारा चौक पर चाकू लहराने वाला बदमाश फैज अली गिरफ्तार

Shantanu Roy
2 Sept 2025 6:51 PM IST
आमापारा चौक पर चाकू लहराने वाला बदमाश फैज अली गिरफ्तार
x

सांकेतिक तस्वीर (AI)

छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में मंगलवार को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को चाकू लहराते हुए गिरफ्तार किया। युवक के हुलिए की सूचना मुखबिर से मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आमापारा कारी तालाब गार्डन गेट के पास कार्रवाई की। आरोपी के पास से स्टील का चाकू जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना
आजाद चौक थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (सउनि) हमराह पेट्रोलिंग स्टाफ आरक्षक 2663 गुलशन साहू और आरक्षक 204 विनोद दुबे के साथ अपराध विवेचना एवं मुजरिम की तलाश हेतु शहर में भ्रमण पर निकले थे। इस दौरान जब टीम आमापारा चौक पहुंची तो मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक हल्के भूरे रंग की टी-शर्ट और पीले रंग की पैंट पहनकर गार्डन गेट के पास हाथ में चाकू लहरा रहा है। युवक की हरकतों से लोग भयभीत हो रहे थे।
गवाह बनाकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी
सूचना मिलते ही पुलिस ने पास खड़े निखिल सिंह ठाकुर और ललित छत्री को धारा 179 बीएनएसएस का नोटिस देकर गवाह बनाया और टीम को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां हुलिए के मुताबिक युवक बैठा मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान और बरामदगी
पूछताछ में युवक ने अपना नाम फैज अली उर्फ फज्जु (25 वर्ष) पिता लियाकत अली निवासी खपराभट्ठी, थाना आजाद चौक, रायपुर बताया। आरोपी ने अपने पास रखे एक स्टील का चाकू पुलिस के सामने पेश किया। गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने चाकू को जप्त कर कब्जे में लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी को धारा 94 बीएनएसएस का नोटिस दिया, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। बरामद चाकू आर्म्स एक्ट के नोटिफिकेशन की परिभाषा में आने के कारण उसे गवाहों के समक्ष जब्त किया गया। आरोपी का यह कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध की श्रेणी में पाया गया। पुलिस ने आरोपी को 2 सितंबर 2025 की दोपहर 2 बजे गिरफ्तार कर लिया।
थाना लाकर दर्ज हुआ अपराध
आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस टीम जब्त मशरूका (चाकू) और आरोपी को लेकर थाना वापस लौटी। थाना आजाद चौक पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है कि वह चाकू लेकर सार्वजनिक स्थल पर क्यों घूम रहा था और उसका इरादा क्या था। शहर में भीड़भाड़ वाले इलाके में युवक द्वारा चाकू लहराना किसी भी बड़े हादसे को जन्म दे सकता था। मुखबिर की सक्रियता और पुलिस की तत्पर कार्रवाई से स्थिति को समय रहते काबू में कर लिया गया।
Next Story